आगरालीक्स…आगरा में स्कूल से लौटे बच्चे बोले—दिल्ली दूर की बात, एक घंटे की बारिश में तो आगरा ही डूब गया….इसमें आपकी क्या है राय
आगरा में आज झमाझम बारिश हुई. एक से डेढ़ घंटे तक हुई झमाझम बारिश में आगरा की ऐसी कोई सड़क या कॉलोनी नहीं बची जहां पानी न भरा हो. कमला नगर हो या फिर दयालबाग, आवास विकास हो या फिर शास्त्रीपुरम, आईएसबीटी हो या फिर वजीरपुरा रोड. हर जगह पानी ही पानी भरा हुआ था. कहीं—कहीं तो पानी का भराव इतना अधिक था कि आधी गाड़ियां तक डूब गईं.
स्कूली बच्चे बोले—ऐसा सीन तो दिल्ली में बारिश का देखा था
आगरा में आज हुई बारिश से सबसे अधिक परेशानी अगर किसी को हुई तो वो थे स्कूली बच्चे. दोपहर को जब स्कूल से उनकी छुट्टी होने वाली थी, उससे पहले ही काले घने बादलों ने जमकर बरसना शुरू कर दिया. हाल ये रहा कि स्कूली बच्चों को छुट्टी होने के एक घंटे बाद तक स्कूल में रहना पड़ा. किसी के पेरेंट्स समय पर नहीं पहुंच पाए थे तो किसी को पानी अधिक भरा होने के कारण स्कूल प्रबंधन ने नहीं भेजा. लेकिन एक घंटे बाद जब बारिश थमने के बाद वो बाहर निकले तो शहर की सड़कों पर पानी भरा हुआ था. बच्चों का कहना था कि ऐसा नजारा तो हमने दिल्ली में हुई बारिश के बाद मोबाइल पर देखा था. ये तो आगरा में ही ऐसा हो गया है.
जाम ने भी किया परेशान, गाड़ियां हुई खराब
बारिश थमने के बाद शहर की सड़कों पर गाड़ियां ही गाड़ियां नजर आने लगी. ऐसे में मुख्य मार्गों से लेकर कई चौराहों पर जाम की स्थिति पैदा हो गई. कहीं बारिश का पानी अधिक भरा होने के कारण भी लोगों को परेशानी हुई. कई दोपहिया वाहन चालकों की गाड़ियां तो बंद हो गईं, ऐसे में वे पैदल ही अपनी गाड़ी को खींचते हुए नजर आए.