आगरालीक्स…तिरुपति लड्डू विवाद से कर्नाटक अलर्ट, हिजुबल्ला पर इजराइल का घातक हमला, बिहार में मॉब लिंचिंग, जूनियर डॉक्टरों का 4 किलोमीटर लंबा जुलूस
इजराइल के घातक हमले में हिजबुल्लाह का सैन्य अधिकारी इब्राहिम अकील मारा गया
इजराइल की सेना लेबनान में आतंकी संगठन हिजबुल्लाह के ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले कर रही है। इजराइल के एक अधिकारी ने कहा है कि बेरूत पर इजराइली हमले में हिजबुल्लाह के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी इब्राहिम अकील को निशाना बनाया गया है। इजराइल ने दावा किया बेरूत पर किए गए हवाई हमलों में हिजबुल्लाह का वरिष्ठ सैन्य अधिकारी इब्राहिम अकील मारा गया है। अकील हिजबुल्लाह की राडवान फोर्स और समूह की सर्वोच्च सैन्य संस्था जिहाद काउंसिल के प्रमुख के रूप में काम कर चुका है। इस बीच लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि बेरूत पर इजराइली हमले में कम से कम 8 लोग मारे गए हैं और 59 लोग घायल हुए हैं।
बिहार में मॉब लिंचिंग! तीन युवकों को पीटा, एक की मौत, 2 की हालत नाजुक
बिहार के कटिहार जिले में मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया है। कोढ़ा थाना क्षेत्र के फुलवरिया के वार्ड चार में साइकिल चोरी के शक में भीड़ ने तीन युवकों को बुरी तरह पीट दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इनमें से एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो लोगों का इलाज अभी जारी है। मृतक की पहचान पंचानंद उर्फ पंच लाल के रुप में हुई है। घटना गुरुवार की है।
पश्चिम बंगाल में जूनियर डॉक्टरों का 4 किलोमीटर लंबा जुलूस
पश्चिम बंगाल में जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने का ऐलान किया है। शनिवार से सभी जूनियर डॉक्टर इमरजेंसी वार्ड में अपनी सेवाएं देना शुरू करेंगे। पश्चिम बंगाल में जूनियर डॉक्टर कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में एक महिला डॉक्टर की बलात्कार के बाद हत्या की घटना को लेकर आंदोलन कर रहे थे। डॉक्टरों ने शुक्रवार शाम को अपना ‘काम बंद’ वापस ले लिया और शनिवार से सरकारी अस्पतालों में आवश्यक सेवाएं देने के लिए आंशिक रूप से ड्यूटी पर लौटने की घोषणा की।
चुनावी ड्यूटी पर जा रही BSF टीम की बस हादसे का शिकार, 3 जवानों की मौत, 32 घायल
जम्मू कश्मीर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) की एक बस हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में तीन जवानों की मौत हो गई, जबकि 32 जवान घायल हैं। इनमें से छह जवानों की हालत गंभीर बनी हुई है। बीएसएफ के 35 जवानों के अलावा बस चला रहे ड्राइवर को भी चोटें आई हैं। घायलों को खानसाहिब और बडगाम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह बस जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में तैनाती के लिए जवानों को लेकर दक्षिण कश्मीर के पुलवामा से बडगाम जा रही थी, तभी यह दुर्घटना हो गई।
तिरुपति लड्डू विवाद से कर्नाटक अलर्ट, मंदिरों को केवल ‘नंदिनी’ घी इस्तेमाल करने का दिया आदेश
तिरुपति लड्डू विवाद के बड़ा रूप लेने के बाद कर्नाटक सरकार ने शुक्रवार को एक परिपत्र जारी कर हिंदू धार्मिक संस्थान और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के तहत आने वाले सभी मंदिरों को निर्देश दिया कि वे वहां तैयार किए जाने वाले प्रसाद की गुणवत्ता बनाए रखें। मंदिरों को केवल ‘कर्नाटक मिल्क फेडरेशन’ के नंदिनी ब्रांड घी का ही इस्तेमाल करने को कहा गया है।