आगरालीक्स…आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे पर दर्दनाक हादसा. आगरा होकर दिल्ली जा रही स्लीपर बस पलटी, 8 यात्रियों की मौत, 40 से अधिक घायल
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर आज दर्दनाक हादसा हुआ है. लखनऊ से दिल्ली जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस कन्नौज जिले में अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में 8 यात्रियों की मौत् हुई है तो वहीं 40 से अधिक सवारियां घायल हुई हैं. घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज सैफई, राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सौरिख भर्ती कराया गया है. घटना पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है. केंद्र सरकार की ओर से भी मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है. इसके अलावा घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे.
शीशे तोड़कर निकाले यात्री
हादसा आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर किलोमीटर 140 के समीप हुआ है. घायल यात्रियों ने बताया कि चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर लगे पौधों में सिंचाई कर रहे टैंकर से जा टकराई और इसके बाद पलट गई. हादसे के बाद बस में चीख पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने बस के शीशे तोड़कर उसके अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. मौके पर यूपीडा की टीम और पुलिस भी पहुंच गई. हादसे में 8 यात्रियों की मौत हुई है तो वहीं 40 से अधिक घायल हुए हैं. मृतकों में बस चालक भी है.