आगरालीक्स…आगरा में प्रदूषण फिर बढ़ा, बीती रात पांच में से चार स्टेशनों पर मॉडरेट दिखा एक्यूआई लेवल, दिल्ली में सुधार का नाम नहीं
आगरा में एक बार फिर हवा जहरीली होने लगी है। कुछ दिनों की राहत के बाद प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ा है। सीपीबीसी के अनुसार आगरा में वायु गुणवत्ता सूचकांक एक बार फिर 100 के पार चला गया है। बीती रात एक से दो बजे के बीच यह 121 पर था। जबकि करीब एक सप्ताह पहले यह 80 से भी नीचे आ गया था। आगरा के पांच में से केवल एक मनोहरपुर स्टेशन पर ही स्थिति संतोषजनक दिखाई दी। बीती रात यहां का एक्यूआई 80 रहा जबकि बाकी चार स्टेशनों में वायु की गुणवत्ता सबसे खराब संजय प्लेस में 156, दूसरे नंबर पर आवास विकास कॉलोनी में 133, तीसरे पर शाहजहां गार्डन में 132 और शास्त्रीपुरम में 105 दिखी।
बता दें कि आगरा में सर्दी के बढ़ते प्रकोप के साथ ही हर साल वायु प्रदूषण का संकट गहरा जाता है। इस बार भी कुछ दिनों तक हालात चिंतानजर हुए। यहां से महज 200 किलोमीटर दूर दिल्ली में अब भी हालात बेकाबू बने हुए हैं। बीती रात भी दिल्ली का एक्यूआई 350 से पार दर्शाया गया था।
एक्यूआई की श्रेणियां
-0 से 50 इस लेवल को अच्छा माना गया है। यानी आप इसे साफ हवा कह सकते हैं।
-51 से 100 के बीच है तो यह सेटिस्फेक्ट्री है लेकिन लोगों को बाहर की एक्टिविटीज कम करने को कहा जाता है।
-101 से 200 के बीच है तो इसे मॉडरेट कहा जाता है। इसमें सेंसिटिव लोग बीमार हो सकते हैं।
-201 से 300 के बीच होने पर यह पूअर कैटेगरी में आता है। यह आपको बीमार बना सकता है।
-301 से 400 के बीच है तो हवा को वेरी पूअर इंडेक्स में डाला जाता है यानी कि यह स्वास्थ्य के लिए काफी खतरनाक है। इस हवा में बाहर निकलने की सलाह नहीं दी जाती है।
-401 से 500 के बीच है तो इसे अति गंभीर माना जाता है। इसमें सभी खतरनाक स्थिति में होते हैं। और सबको मास्क पहनने को कहा जाता है। अब ज्यादातर बड़े शहरों में एयर क्वालिटी 450 से ज्यादा रहने लगा है। यानी कि सेंसिटिव तो छोड़िए हेल्दी लोगों के लिए भी हवा काफी खतरनाक हो गई है।