आगरालीक्स…बच्चों में तीन साल का अंतर चाहने वाली महिलाओं के लिए प्रभावी है गर्भनिरोधक इम्प्लांट…कभी भी निकलवा सकते हैं. आगरा सहित 11 जिलों के डॉक्टरों को दी जा रही इसकी ट्रेनिंग…
आइपास डेवलपमेंट फाउंडेशन की ओर से सक्षम प्रोजेक्ट के तहत गुरुवार को डॉक्टरों को डिलीवरी के बाद गर्भनिरोधक के साधनों की जानकारी दी गई। संस्था ने फिलहाल यह अभियान आगरा समेत उत्तर प्रदेश के नाै जिलों में शुरू किया है। संजय प्लेस स्थित पीएल पैलेस में आयोजित वर्कशाॅप में फोग्सी के पूर्व प्रेसिडेंट एवं मशहूर स्त्री रोग विशेषज्ञ डाॅक्टर नरेंद्र मल्होत्रा ने कहा कि परिवार नियोजन के लिए स्थायी और अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों की पहुंच बढ़ाना जरूरी है। आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों के उपयोग से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है।
ऑर्गेनाेन कंपनी ने गर्भनिरोधक इम्प्लांट ईजाद किया गया है। यह तीन साल तक प्रभावी है। डिलीवरी के बाद इसे लगाया जा सकता है। यह उन महिलाओं के भी लगाया जा सकता है जो बच्चों में तीन साल का अंतराल चाहती हैं। बांह में लगने वाला यह इम्प्लांट एक राॅड की तरह होता है। यह सभी जगह उपलब्ध है। इसे कभी भी निकलवाया जा सकता है। यह महंगा नहीं है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों को जानकारी दी कि इसे कैसे और कहां लगाया जाना है। मरीज क्यूआर कोड के माध्यम से अपने मोबाइल पर इसकी जानकारी ले सकते हैं। आगरा में अभी 30 डाॅक्टरों का परीक्षण किया गया है। यह तीसरा ट्रेनिंग सेशन था।
सीनियर डाॅक्टर सुधा बंसल ने कहा कि यह अच्छा तरीका है। इम्प्लांट लगाना और निकालना सभी स्त्री रोग विशेषज्ञाें के लिए अनिवार्य होना चाहिए। महिलाएं डिलीवरी के बाद इसे लगाकर जाएं तो बच्चों में तीन साल का अंतराल रखा जा सकता है। अगर समय से पहले बच्चा चाहिए तो इसे दो साल बाद निकलवाया जा सकता है।
ट्रेनर डाॅक्टर गौतम सरकार ने बताया कि गर्भपात के बाद दस दिन में प्रजनन क्षमता लाैट सकती है। इसलिए गर्भपात के बाद अपनी पसंद का कोई भी गर्भनिरोधक साधन अपनाएं। यह इसलिए भी जरूरी है कि गर्भपात के बाद गर्भनिरोधक के अभाव में 10 में से तीन महिला अगली माहवारी आने से पहले ही पुन: गर्भधारण कर लेती हैं जिससे उनके स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ता है।
सहायक ट्रेनर नैंसी, मोनिका ने इम्प्लांट लगाने और निकालने की प्रैक्टिस कराई। इसमें डाॅक्टर रूबी ने सहयोग किया। सीनियर काॅर्डिनेटर सुमन कटारा ने सभी का आभार जताया। इस अवसर पर डाॅक्टर अंजना अरोड़ा, डाॅक्टर निधि बंसल, निर्मला यादव, सुकन्या वर्मा, सोनल गुप्ता, संगीता मल्होत्रा, सुमन जैन, सुमन बंसल आदि मौजूद थीं।