आगरालीक्स…आगरा के माही इंटरनेशनल स्कूल में सीबीएसई 10वीं के मेधावियों का किया गया सम्मान. शानवी ने 98.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया…
माही इंटरनेशनल स्कूल में सत्र 2025-26 के अंतर्गत सीबीएसई कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह अवसर विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत हर्ष एवं गौरव का रहा, जहां विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव मनाया गया। इस समारोह में विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ उपस्थित हुए, जिससे कार्यक्रम का वातावरण गर्व एवं उत्साह से भर गया। विद्यार्थियों ने मंच पर आकर अपनी सफलता की यात्रा, कठिन परिश्रम एवं समर्पण से जुड़े अनुभव साझा किए, जो सभी के लिए प्रेरणादायक रहे। विद्यालय की छात्रा शानवी ने 98.80% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं वैष्णवी (97.2%) एवं देव (97%) ने क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर किया। इसके साथ ही सभी मेधावी विद्यार्थियों को भी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन संजय अग्रवाल एवं प्रबंध ट्रस्टी मंजरी अग्रवाल ने विद्यार्थियों के अथक परिश्रम तथा शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कक्षा 10वीं के 43% विद्यार्थियों ने 80% से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनके प्रेरणादायक उद्बोधन ने उपस्थित सभी को उत्साहित किया।