आगरालीक्स…आगरा में सबकुछ नकली…दवाइयां नकलीं, मिठाइयां नकली, घी भी यहां बन रहा नकली तो मोबाइल एसेसरीज भी नकली…हर रोज पकड़ा जा रहा है नकली..क्या कार्रवाई होनी चाहिए
लगता है आगरा नकली सामानों और खाद्य पदार्थों की मंडी बनता जा रहा है. ऐसा हो भी क्यों न, आगरा में कभी दवाइयां नकली बनती पाई जा रही हैं तो कभी एपल जैसी कंपनी की एसेसरीज नकली बेची जा रही है. अब ताजगंज में एक फैक्ट्री से नकली घी भी मिला है जो कि 18 ब्रांडेड कंपनियों के टैग लगाकर बेचा जा रहा था. नकली सामानों के बनाने और उसके खरीद फरोख्त का काम आगरा में बहुत तेजी से चल रहा है. पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से छापा मारा जाता है तो नकली होने का सच सामने आता है.
शास्त्रीपुरम में नकली दवाओं की फैक्ट्री पकड़ी
दो महीने पहले ही आगरा के शास्त्रीपुरम में नकली दवाओं के बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई थी. एंटी नारकोटिक्स और पुलिस की रेड में इसका खुलासा हुआ. पुलिस ने यहां से दवा माफिया भी अरेस्ट किया. यहां भी चौंकाने वाला खुलासा ये हुआ कि बुखार, सिर और पेट दर्द की दवाओं सहित काफी संख्या में नकली दवाएं तैयार की जा रही थीं. कई सारे नमूने जांच में फेल भी हो गए हैं.
सदर में पकड़ी गई एपल की नकली एसेसरीज
3 दिन पहले ही सदर में एपल कंपनी की नकली एसेसरीज पुलिस ने छापे के दौरान पकड़ी है. यहां कंपनी के मोबाइल और पाटर्स के साथ एसेसरीज भी नकली टैग लगाकर बेची जा रही थी. ब्रांडेड कंपनी के नाम पर लोगों के साथ धोखा किया जा रहा था और इसकी सप्लाई भी कई जगह की जा रही थी.
नकली घी की फैक्टरी पकड़ी
एक दिन पहले ही यानी गुरुवार को पुलिस ने ताजगंज में नकली घी बनाने वाली एक फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है. यहां 18 ब्रांडेड कंपनियों के नाम के स्टीकर लगाकर नकली घी तैयार किया जा रहा था और उसे यूपी सहित आसपास के राज्यों मे सप्लाई किया जा रहा था. इसमें अमूल और पतंजलि जैसी कंपनियां भी शामिल हैं जिनका घी आगरा के होटल्स, रेस्टोरेंट ओर स्ट्रीट फूड में उपयोग किया जाता है.
कीड़े लगी मिठाइयां मिली
नवंबर माह में कमला नगर स्थित श्री मोरमुकुट मिष्ठान्न भंडार के यहां से घटिया क्वालिटी और सेहत के लिए असुरक्षित मिठाइयां मिली थी. खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जब मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे तो काजू टूटा बर्फी में कीड़े मिले तो अन्य मिठाइयों में मानक से अधिक रंग पाया गया. मिल्क केक में वसा की मात्रा अधिक मिली. दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया था तथा मुकदमा भी दर्ज किया गया है.