आगरालीक्स…ट्रेन से कश्मीर जाना होगा आसान. दिल्ली से श्रीनगर के लिए चलेगी वंदे भारत. 13 घंटे में पूरा होगा सफर. वैष्णोदेवी से श्रीनगर के लिए भी रोजाना मिलेंगी तीन ट्रेनें
नए साल में देश के लोगों को बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है. दिल्ली से श्रीनगर को सीधा जोड़ने वाली रेल लाइन इसी महा में शुरू होने की संभावना है. इस रूट पर वंदे भारत जैसी ट्रेनों को भी चलाने की तैयारी की जा रही है. वंदे भारत ट्रेन दिल्ली से श्रीनगर तक 800 किलोमीटर का सफर 13 घंटे से भी कम समय में तय करेगी. जानकारी के अनुसार इसे लेकर ट्रायल जारी है.
उम्मीदकी जा रही है कि 26 जनवरी 2025 को वंदे भारत श्रीनगर—दिल्ली ट्रेन को हरी झंडी दिखा दी जाएगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उद्घाटन वाली ट्रेन वंदे भारत में सफर करेंगे. नई दिल्ली श्रीनगर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन अंबाला कैंट जंक्शन, लुधियाना जंक्शन, कठुआ, जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटरा, संगलदान और बनिहाल सहित कुछ प्रमुख स्टेशनों पर ही रुकेगी.
जम्मू को मिल रहा नया रेलवे डिवीजन, 6 को उद्घाटन
भारत सरकार जम्मू को नया रेलवे डिवीजन देने की तैयारी कर रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 जनवरी को डिवीजनल रेलवे मैनेजर के कार्यालय का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे. इससे जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के पठानकोट क्षेत्र की फिरोजपुर डिवीजन पर निर्भरता खत्म हो जाएगी.
वैष्णोदेवी से श्रीनगर तीन नई ट्रेनें चलेंगी
इसके अलावा श्री वैष्णोदेवी कटरा से श्रीनगर तक के लिए तीन नई ट्रेनें भी शािमल की गई हैं जिसमें एक वंदे भारत है तो दो मेल एक्सप्रेस हैं जो कि प्रतिदिन चलेंगी. वंदे भारत ट्रेन कटरा से सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर रवाना होगी जो कि 11 बजकर 20 मिनट पर श्रीनगर पहुंचेगी. वहीं मेल एक्सप्रेस ट्रेन कटरा से सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी और दोपहर एक बजकर 10 मिनट पर श्रीनगर पहुंचेगी. दूसरी मेल एक्सप्रेस कटरा से दोपहर तीन बजे रवाना होगी और शाम को 6 बजकर 20 मिनट पर श्रीनगर पहुंचेगी.