आगरालीक्स…आगरा के सीएमओ बुलाने पर भी नहीं आते हैं, लेडीलॉयल पहुंची महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान को चारों तरफ अव्यवस्थाएं ही मिलीं. सीएमओ को बुलाया तो उन्होंने कहा—तबीयत ठीक नहीं है…
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान आज महिला चिकित्सालय लेडीलॉयल का निरीक्षण करने के लिए पहुंची. उन्हें यहां चारों तरफ अव्यवस्थाएं मिलीं. इससे वो नाराज दिखीं. उन्होंने कहा कि जितना बड़ा अस्पताल है लेकिन यहां उस हिसाब से डॉक्टर नहीं हैं. आयोग की अध्यक्ष सीएमओ को लेकर भी नाराज दिखीं. उन्होंने कहा कि जब भी उनको बुलाओ वो नहीं आते हैं. अक्सर अनुपस्थित ही रहते हैं. आज भी उनको बुलाया गया लेकिन सीएमओ ने तबीयत खराब होने का हवाला दिया. उन्होंने कहा कि अव्यवस्थाओं में कहीं न कहीं सीएमओ साहब का रोल है जो वो इन चीजों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं.
जो डॉक्टर यहां मिले वो काम मिलते मिले लेकिन कई सारे डॉक्टर यहां नहीं मिले. जिन डॉक्टरों की सुबह की ड्यूटी है वो शाम को आ रहे हैं और शाम वाले डॉक्टर आ रहे हैं या नहीं पता नहीं..उन्होंने कहा कि बाथरूम देखा तो वो बिल्कुल घटिया किस्म के थे बिल्कुल कबाड़ टाइप के. उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस स्वास्थ्य पर है और वो भी महिलाओं को लेकर, इतनी सुविधाओं के बाद भी उनका उपयोग नहीं हो रहा है तो यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि कई सारी शिकायतें उनके पास इस अस्पताल की आई थीं जिसके कारण वो यहां निरीक्षण के लिए पहुंची लेकिन यहां समस्याओं का अंबार मिला. उन्होंने रिपोर्ट बनाकर देने के लिए कहा है.