आगरालीक्स…संत प्रेमानंद महाराज से मिलने के लिए घर से अकेली निकल गई 10वीं की छात्रा. 180 किमी. दूर से वृंदावन पहुंची. इस हाल में मिली…परिवार हो गया परेशान
संत प्रेमानंद महाराज से मिलने के लिए ग्वालियर की रहने वाली एक 10वीं की छात्रा अकेले ही बिना बताए घर से निकल गई. वो किसी तरह वृंदावन पहुंच गई. इधर छात्रा के न मिलने से परिवार के लोग परेशान हो गए. समाजसेविका डॉ. लक्ष्मी गौतम की सतर्कता से किशोरी को पुलिस के पास पहुंंचाया गया जहां से परिजनों को बुलाकर सौंप दिया गया.
सोशल मीडिया पर संत प्रेमानंद के प्रवचनों से हर कोई प्रभावित होता है लेकिन ग्वालियर के हजीरा की रहने वाली 10वीं की एक छात्रा घरवालों को बिना बताए ही वृंदावन आ गई. यहां आने के बाद जब उसने अपने घर पर फोन कर वृंदावन में होने की जानकारी दी तो उनके होश उड़ गए. घबराए परिजनों ने समाजसेविका डॉ. लक्ष्मी गौतम को इसकी सूचना दी. बच्ची की तलाश की गई तो वह प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर बैठी मिली. पूछताछ में उसने बताया कि वह महाराज जी से मिलने के लिए आई थी. समाजसेविका ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर बचची को उसके परिजनों को सौंप दिया.