आगरालीक्स…बुजुर्गों को भी संतान से जीवन यापन के लिए सभी आवश्यक साधनों को प्राप्त करने का हक. “हमारे बुजुर्ग, हमारा अभिमान” को लेकर किया गया जागरूक
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर और कम्युनिटी रेडियो एसोसिएशन द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के सामुदायिक रेडियो “आगरा की आवाज़” ने अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत और कुलपति प्रो. आशु रानी के निर्देशानुसार एक विचार गोष्टी का आयोजन हेम संतुष्टि भवन दयालबाग आगरा पर किया गया,जिसमें बुज़ुर्गो के न्यायाधिक अधिकार और योग -मैडिटेशन पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी प्रदान की गईं. यह आयोजन “हमारे बुजुर्ग, हमारा अभिमान” रेडियो कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य बुजुर्गों को उनके अधिकारों और स्वस्थ जीवनशेली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर एडवोकेट अशोक बंसल ने बुजुर्गों को बताया कि उन्हें अपनी संतान से जीवन यापन हेतु सभी आवश्यक साधनों को प्राप्त करने का हक है और ये सुविधा नहीं मिलने पर कानून की सहायता भी ले सकते हैं. साथ ही 70 वर्ष से ऊपर के किसी भी आय वर्ग के लोगों के लिए आयुष्मान कार्ड योजना है जिसे बड़ी आसानी से मात्र आधार कार्ड के आधार पर प्राप्त किया जा सकता है.
दिनेश श्रीवास्तव ने बुजुर्गों को योग से संबंधित टिप्स दिए और कहा कि उन्हें हठ योग नहीं अपनाना चाहिए बल्कि सामान्य सरल योग के अभ्यास करने चाहिए साथ ही प्राणायाम और कपालभाति को अपने जीवन का एक हिस्सा बनाना चाहिए।
कार्यक्रम में सभी ने अपने गीत, विचार और कुछ कविताएं भी पेश की और साथ ही करोके पर गीत गाते हुए डांस कर अपना मनोरंजन किया. सुशील सरित ,चंद्रशेखर शर्मा, हरीश भदोरिया एवं दुर्ग विजय सिंह दीप ने समसामयिक रचनाओं का पाठ किया।
रेडियो कार्यक्रम अधिशासी पूजा सक्सेना ने बताया की भारत सरकार की इस योजना के अंतर्गत अब तक ऐसी 10 गोष्ठियां की जा चुकी हैं और 24 रेडियो एपिसोड प्रसारित किये जा चुके हैं जिनमें बुजुर्गों को उनके कल्याण, स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित योजनाओं से परिचित कराया गया है। रेडियो इंजीनियर तरुण श्रीवास्तव ने कार्यक्रम संयोजन किया. इस अवसर पर श्रीमती गायत्री, श्री जगमोहन गुप्ता, श्रीमती दयाल प्यारी, ललित, आदि 40 वरिष्ठ जन की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। संचालन सुशील सरित ने किया और अंत में सुमन गर्ग ने धन्यवाद ज्ञापित किया.