यूपीलीक्स…बरेली में बड़ा हादसा. गैस एजेंसी के गोदाम में फटे 350 सिलेंडर. एक—एक कर तेज धमाकों से फैली दहशत. आधा किलोमीटर तक मिले टुकड़े, दहल गया इलाका
यूपी के बरेली से बड़ी खबर सामने आई है. बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के रजऊ परसपुर में महालक्ष्मी गैस एजेंसी का गोदाम है. सोमवार दोपहर यहां बड़ा हादसा हो गया. करीब एक बजे सिलेंडर फटने से गैस एजेंसी के गोदाम में आग लग गई. इसके बाद एक के बाद एक सिलेंडर फटने लगे और कई तेज धमाके हो गए जिससे आसपास का इलाका दहल गया. बताया जाता है कि घटना में करीब 350 से अधिक सिलेंडर फटे है जिससे इलाके में दहशत फैल गई. गैस एजेंसी का गोदाम आबादी से दूर होने के कारण जनहानि नहीं हुई. लोगों का कहना था कि ऐसा लगा जैसे ज्वालामुखी फटा हो.
मीडिया रपिोर्ट के अनुसार एजेंसी के चौकीदार दिनेश चंद्र ने बताया कि गोदाम में सिलेंडर से भरा ट्रक उतरने के लिए खड़ा था. तभी ट्रक के बोनट में किसी तरह आग लग गई. आग बुझाने की कोशिश की लेकिन वो बढ़ गई. दहशत के मारे वो और ट्रक चालक वहां से भाग खड़े हुए. तभी पहले ट्रक में रखा सिलेंडर फटा और फिर गोदाम में आग लग गई जिसके बाद एक एक कर सिलेंडर तेज धमाके के साथ फटने लगे. सूचना पर फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई है. आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए हें.