आगरालीक्स…आगरा से टेक आफ होते ही सीएम योगी के प्लेन में आई खराबी. 20 मिनट बाद ही खेरिया एयरपोर्ट पर वापस लौटा प्लेन…
आगरा के खेरिया एयरपोर्ट से टेकआफ होते ही सीएम योगी के स्टेट प्लेन में खराबी आने की सूचना है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 20 मिनट बाद ही खेरिया एयरपोर्ट पर सीएम योगी का प्लेन वापस लौट आया. हालांकि इस सबके बीच पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया. सभी अधिकारी आनन फानन में दोबारा एयरपोर्ट पहुंचे जहां सीएम योगी लाउंज में बैठे मिले.
बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ करीब साढ़े तीन घंटे तक आगरा में रहे. वे सबसे पहले राजा की मंडी स्थित दरियानाथ मंदिर में पहुंचे. जहां धर्मसभा को संबोधित किया और फिर इसके बाद जीआईसी मैदान में आए. यहां सीएम योगी ने अपनी सरकार के 8 साल पूरे होने पर आयोजित प्रदर्शनी का शुभांरभ किया और करोड़ों की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया. जीआईसी मैदान से सीएम योगी लगभग 3 बजकर 15 मिनट पर खेरिया एयरपोर्ट पर रवाना हो गए. 3 बजकर 25 मिनट पर वे खेरिया एयरपोर्ट पर पहुंचे. यहां से वे स्टेट प्लेन के जरिए 3 बजकर 40 मिनट पर रवाना हो गए.
यहां तक तो सब ठीक था. सीएम को विदा करने के बाद भाजपा के नेता और अधिकारी भी एयरपोर्ट से वापस हो लिए लेकिन करीब टेकआफ होने के 20 मिनट बाद ही सीएम योगी का स्टेट प्लेन तकनीकी खराबी के कारण वापस लौट आया. सीएम योगी बाद में एयरपोर्ट के लाउंज पर आ गए. इधर प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी होते ही हड़कंप मच गया. वे तुरंत एयरपोर्ट पर पहुंचे.