यूपीलीक्स…पति ने प्रेमी से कराई पत्नी की शादी (देखें वीडियो), बोला—तुम तुम जाओ, मैं दोनों बच्चों को पाल लूंगा….मेरठ और औरैया कांड के बीच एक खबर ऐसी भी
मेरठ की मुस्कान ने और औरैया की प्रगति ने जहां प्रेमी के लिए अपने पति की दिल दहला देने वाली हत्याओं को अंजाम दिया, उसी बीच यूपी के संत कबीर नगर से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसमें पति ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करा दी. पति ने शादी कराने के बाद पत्नी से कहा कि तुम खुश रहो, दोनों बच्चों को वह पाल लेगा.
2017 में हुई थी शादी
संतकबीरनगर के धनघटा थाने के कटार जोत गांव में बबलू पुत्र कल्लू रहता है. बबलू की शादी 2017 में गोरखपुर के बेलघाट की रहने वाली राधिका के साथ हुई थी. शादी के इन आठ सालों में इनके दो बच्चे हैं जिनमें सात साल का आर्यन और दो साल की बेटी शिवानी है.
गांव के युवक से पत्नी का हुआ प्रेम प्रसंग
दोनों की जिंदगी में अहम पड़ाव तब आ गया जब बबलू के घर के बाहर रहने के दौरान उसकी पत्नी राधिका का गांव के ही एक युवक विकास पुत्र अच्छेलाल से प्रेम प्रसंग हो गया. इसकी जानकारी होने पर बबलू ने पहले पत्नी को समझाने की कोशिश की लेकिन इसके बाद भी जब वह नहीं मानी तो बबलू अपनी पत्नी राधिका को लेकर धनघटा तहसील पहुंच गया. यहां उसने उसके प्रेमी विकास को भी बुला लिया. बबलू ने तहसील में शपथ पत्र बनवाकर अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के हाथों सौंप दिया. इसके बाद दोनों पक्ष धनघटा स्थित दीनानाथ शिव मंदिर में पहुंचे जहां पति ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करा दी. पति ने अपनी पत्नी से कहा कि वह चिंता न करे और खुश रहे, अपने दोनों बच्चों को वह पाल लेगा. सोशल मीडिया पर यह खबर और इनका वीडियो इस समय तेजी से वायरल हो रहा है.