आगरा। कर्ज से परेशान और बाजरे की फसल को बर्बाद देख अछनेरा में एक किसान ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आज सुबह किसान को कमरे के अंदर फंदे पर लटका हुआ देखा। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार थाना अछनेरा के मोहल्ला जाटवान में बदन सिंह (50) पुत्र बिस्सा राम रहते थ। बदन सिंह पेशे से किसान थे। आज सुबह पत्नी ने बदन सिंह को कमरे के अंदर पंखे पर लटका हुआ देखा। यह देखते ही उनके होश उड़ गए। मौके पर अन्य परिजन भी आ गए। बदन सिंह को नीचे उतारा गया लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई और पुलिस भी वहा ंपहुंच गई।
परिजनों के अनुसार बदन सिंह पर सहकारी बैंक का तीन लाख रुपये का कर्जा था। इसे चुकाने के लिए उसने अपने खेत में इस बार बाजरे की फसल बो रखी थी। उसे उम्मीद थी कि बाजरे की फसल से वह अपना कर्जा चुका देगा, लेकिन बारिश न होने के कारण पूरी की पूरी फसल जलकर बर्बाद हो गई।
बताया जाता है कि बीते रोज बदन सिंह अपने खेत पर गया था और वहां पर बाजरे की फसल को देखा। बाजरे की फसल की बर्बादी देखने के बाद वह बाद में घर लौट आया और फिर खाना खाने के बाद चुपचाप कमरे में जाकर सो गया। आज सुबह पत्नी ने उसे फंदे पर लटका हुआ देखा।