आगरालीक्स… आगरा में डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो दंग रह गए, जिस एनआइसीयू के एसी में आग लगी थी, उसका गेट टूटा हुआ था, हॉस्टल की छात्राओं ने कहा कि उनके कमरे से प्लास्टर गिरता है, पानी नहीं आता और टॉयलेट खराब हैं। डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा भी को समझते देर नहीं लगी कि सिस्टम ही खराब है, इसमें एसएन प्रशासन और डॉक्टरों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने डीएम गौरव दयाल को निर्देश दिए कि समस्याओं का समाधान कराएं, शासन के स्तर से जो भी मदद चाहिए वह दी जाएगी, कुछ देर बाद ही वे एसएन से चले गए।
रविवार को डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा आगरा कॉलेज में भारतीय शिक्षण मंडल के कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ करने के बाद वे दोपहर एक बजे एसएन के गल्र्स हॉस्टल पहुंचे, यहां उन्होंने हॉस्टल में रह रहीं मेडिकल छात्राओं को बाहर बुलाया, छात्राओं ने कहा कि हॉस्टल की हालत खराब है और छात्राओं की संख्या लगातार बढ रही है, इससे बेड शेयर करना पड रहा है। टॉयलेट खराब हैं तो पानी नहीं आता है, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने डीएम गौरव दयाल से हॉस्टल में सबमर्सिबल लगवाने के लिए कहा।
एनआईसीयू का गेट टूटा
यहां से वे बाल रोग विभाग के एनआईसीयू में पहुंचे, यहां जगह जगह प्लास्टर गिरा हुआ था, गंदा पानी टपक रहा था। वे एनआईसीयू पहुंचे, जहां 15 अगस्त को आग लग गई थी, एनआईसीयू का गेट टूटा था, इस पर उन्होंने गेट सही करने के लिए कहा, इसके बाद वे आगे नहीं गए, यहां सिस्टम की कमी को देख वे लौट गए।
किताबी ज्ञान के साथ दें नैतिक ज्ञान
आगरा कॉलेज में भारतीय शिक्षण मंडल के कार्यक्रम में आरएसएस के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि दुनिया दोराहे पर खड़ी है। हर तरफ अशांति है। शिक्षक छात्रों को नैतिक की जगह किताबी ज्ञान देने में लगे है। इससे वैभव तो मिल रहा है लेकिन शांति नही।
डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कहा कि अन्य देशों से भारतीय छात्र ज्यादा ज्ञानवान है। इसलिए विश्व भर में भारतीय पद्वति को अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने साहित्य को विकृत करने का काम किया। हमारी शिक्षा अकबर और बाबर तक सिमट कर रह गई, जबकि पाठ्यक्रम में महापुरुषों की कहानियों को प्रमुखता से शामिल किया जायेगा।