आगरालीक्स… मुजफ्फरनगर में कलिंग उत्कल एक्सप्रेस हादसे में आगरा की एक छात्रा की मौत हो गई, वह अपने रिश्तेदारों के साथ हरिद्वार गंगा स्थान करने के लिए कलिंग उत्कल एक्सप्रेस से शनिवार को निकली थी। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं।
शनिवार रात को मुजफ्फरनगर से 23 किलोमीटर दूर खतौली रेलवे स्टेशन के दो किमी आगे कलिंग-उत्कल एक्सप्रेस के 12 डिब्बे पटरी से उतर गए, डिब्बे एक दूसरे पर जा चढ़े। इसमें से एक डिब्बा रेल पटरी के पास बने मकान में घुस गया। रेल हादसे में 30 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। कलिंग उत्कल एक्सप्रेस आगरा कैंट पर शनिवार दोपहर तीन बजे पहुंची थी, ट्रेन में 47 यात्री सवार हुए थे। ट्रेन मथुरा स्टेशन पर पहुंची तो 12 और यात्री सवार हो गए। हादसे की खबर आने के बाद आगरा और मथुरा से ट्रेन में सवार हुए यात्रियों के परिजनों के होश उडे हुए हैं, वे उन्हें फोन कर रहे हैं तो कुछ लोग स्टेशन पर जानकारी लेने पहुंच गए। हादसे में 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
छात्रा की हादसे में मौत
आगरा के खेरिया मोड निवासी ब्रज किशोन अपनी पत्नी उषा के साथ 22 वर्षीय छात्रा रिंकी निवासी जगनेर कलिंग उत्कल एक्सप्रेस में आगरा कैंट से शनिवार को बैठे थे। ब्रज किशोर रिंकी के मौसा है, हादसे में रिंकी की मौत हो गई, जबकि ब्रज किशोर और उषा घायल है।
कई यात्री हुए घायल
हादसे में पवन कुमार, ओम प्रकाश, रजनी आदि घायल हैं।
रेल मंत्री ने किया ट्वीट
रेल मंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि हादसे के बाद के हालात की निगरानी मैं खुद कर रहा हूं। अधिकारियों के साथ रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा भी मौके पर पहुंच रहे हैं। हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट पर गहरा दुख जताया है और प्रशासन को पीडि़तों की हर संभव मदद के निर्देश दिए गए हैं। पीएमओ ने भी हादसे पर दुख जताया है। मुजफ्फरनगर के सांसद और केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान भी मौके पर पहुंचे।