आगरालीक्स…आगरा के स्कूलों में महंगी किताबें और फीस को लेकर पेरेेंट्स में आक्रोश. कमिश्नर को बताई ये गंभीर समस्या….
आगरा के विभिन्न विद्यालयों में पुस्तकों, कॉपियों, ड्रेस एवं फीस में अनियमितताओं को लेकर अभिभावकों में गहरी नाराजगी व्याप्त है। इस संबंध में अभिभावक संघ संरक्षक एवं श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसायटी के अध्यक्ष, डॉ. मदन मोहन शर्मा ने प्रशासन को शिकायत सौंपते हुए तुरंत कार्रवाई की माँग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विद्यालय केवल निर्धारित दुकानों से ही पुस्तकें खरीदने का दबाव बना रहे हैं, जिससे अभिभावकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
मुख्य आरोप:
- एकल विक्रेता से पुस्तकें खरीदने का दबाव: विद्यालयों में NCERT की पुस्तकों को प्राथमिकता देने के बजाय निजी प्रकाशनों की महंगी किताबें अनिवार्य की जा रही हैं।
- विक्रेताओं का सत्यापन नहीं: कई विक्रेताओं के पास उचित प्रमाणन नहीं है, जिससे सुरक्षा और गुणवत्ता पर सवाल उठते हैं।
- पुस्तकों की कीमतों में पारदर्शिता की कमी: सूची में प्रकाशक, लेखक और संस्करण की जानकारी स्पष्ट नहीं की गई है।
- विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया में अनियमितता: कक्षा में 40 छात्रों की अधिकतम सीमा होते हुए भी 80-80 छात्रों को प्रवेश दिया जा रहा है।
- शिक्षा के अधिकार का उल्लंघन: सेंट एंथनी स्कूल सहित कई विद्यालयों में कमजोर वर्ग के छात्रों के प्रवेश को रोका जा रहा है।
प्रशासन से माँग
शिकायत के संदर्भ में,आयुक्त कैम्प कार्यालय पर मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने अभिभावकों की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्यवाई का आश्वासन दिया। डॉ.मदन मोहन शर्मा ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि इस मामले की तत्काल जाँच कर उचित कार्रवाई की जाए, जिससे अभिभावकों और छात्रों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो अभिभावक संघ विरोध प्रदर्शन करने और कानूनी कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगा। प्रमुख रूप से एडवोकेट ब्रज वर्मा,उमेश सिंह,पंडित नकुल सारस्वत,विधायक शर्मा, मोहित सिंह आदि मौजूद रहे।