आगरालीक्स…आगरा से पहाड़ों पर जाकर गर्मियों की छुट्टियां बिताने के प्लान धड़ाधड़ हो रहे कैंसिल. पर्यटकों से कश्मीर खाली हुआ तो आतंकी हमले का असर भुगत रहे हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड…कारोबारी परेशान
हर साल की तरह इस साल भी आगरा से काफी लोग गर्मियों की छुट्टियां पहाड़ों पर मनाने का प्लान बना चुके थे. कइयों ने तो बुकिंग भी कर दी थी लेकिन कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकवादी घटना ने सबके प्लान पर पानी फेर दिया है. 26 टूरिस्टों की मौत के बाद अब लोगों ने अपने प्लान कैंसिल कर दिए हैं. लोग अपने परिवार को किसी भी हालत में जोखिम में नहीं डालना चाहते हैं. ऐसे में गर्मियो की छुट्टियां हिल स्टेशन पर मनाने की बुकिंग कैंसिल हो रही है या फिर बदल रही है.कश्मीर खाली
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से पर्यटकों में भय व्याप्त है. यहां मौजूद पर्यटक अब अपने घर आ चुके हैं. आतंकी हमले के बाद अगले दिन ही 90 प्रतिशत तक बुकिंग कश्मीर की कैंसिल हो गई थीं तो वहीं वहां ठहरे पर्यटका भी अगले दिन ही वापस हो लिए.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश तक असर
पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले का असर कश्मीर ही नहीं बल्कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश को भुगतना पड़ रहा है. काफी संख्या में लोग शिमला मनाली से लेकर नैनीताल और मसूरी में जाकर छुट्टियां मनाते हैं, लेकिन इन दो राज्यों में भी 50 प्रतिशत तक अधिक बुकिंग पर्यटकों ने कैंसिल कर दी है.
पर्यटकों की धड़ाधड़ हो रही बुकिंग कैंसिल से पर्यटन कारोबारी परेशान हो गए हैं. उनका कहना है कि साल में दो महीने के लिए उन्हें पर्यटन कारोबार की उम्मीद रहती है लेकिन आतंकी हमले ने काफी नुकसान पहुंच दिया है.