आगरालीक्स…आगरा में कुछ ही जगह हुआ ब्लैक आउट, अधिकतर जगह लोग करते रहे सायरन की आवाज का इंतजार. नहीं सुनाई दिया तो खुद की कर दी लाइट बंद. देखें सायरन की आवाज का वीडियो
आगरा सहित देश के 244 शहरों में रात 8 बजे ब्लैकआउट होने की जानकारी दी गई थी. लोगों में इस ब्लैक आउट को लेकर उत्साह भी था लेकिन आगरा में ब्लैक आउट कुछ ही जगह पर हुआ. अधिकतर जगहों पर लोगों को सायरन की आवाज ही सुनाई नहीं दी. मार्केट से लेकर घरों तक में लोग युद्ध के सायरन की आवाज सुनने का इंतजार करते रहे लेकिन उन्हें कोई सायरन नहीं सुनाई दिया. ऐसे में अधिकतर लोगों ने 8 बजे अपने घरों की लाइट खुद ही बंद कर दी.
चार जगह बजना था सायरन
शहर के 04 स्थानों था सीओडी, आगरा कैंट, जयपुर हाउस स्थित एडीए ऑफिस व जालमा संस्थान से इलेक्ट्रिक सायरन बजना था. इसके अलावा 15 स्थानों यथा कलेक्ट्रेट, मोहनपुरा, नराइच, रुई की मंडी शाहगंज, आईटीआई बल्केश्वर, पानी की टंकी कमलानगर, पुरानी मंडी ताजगंज, सेक्टर 01. आवास विकास कॉलोनी, रावतपाड़ा, नरीपुरा, शहीद स्मारक संजय प्लेस, भगवान टॉकीज, बैनारा उद्योग, बोदला, शिल्पग्राम, गुरुद्वारा गुरु का ताल पर नागरिक सुरक्षा के वार्डेन द्वारा हँड सायरन बजाकर एयर रैड वार्निंग सिस्टम होना था.
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में रात 8 बजे सभी लाइटें बंद कर दी गईं और ब्लैकआउट किया गया. हालांकि दिल्ली गेट से लेकर राजा की मंडी बाजार, शाहगंज से लेकर दयालबाग तक लोग ब्लैक आउट का इंतजार ही करते रहे.
