आगरालीक्स…आगरा के एसएन में मनाया डॉक्टर्स डे. वरिष्ठ चिकित्सकों, अनुभवी प्रोफेसरों व रेजिडेंट चिकित्सकों को किया सम्मानित. एमबीबीएस स्टूडेंट्स ने बांधा समां…
आगरा के एसएन में डॉक्टर्स डे शानदार आयोजन के साथ मनाया गया. कॉलेज सभागार में सभी डॉक्टर, प्राध्यापक, छात्र और स्टाफ एकत्रित हुए. एमबीबीएस 2022 द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया.प्रधानाचार्य डॉ प्रशांत गुप्ता, मुख्य अतिथि डॉ ए के गुप्ता पूर्व विभाग अध्यक्ष मेडिसिन विभाग ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इस अवसर पर सम्मान समारोह में वरिष्ठ चिकित्सकों, अनुभवी प्रोफेसरों व रेजिडेंट चिकित्सकों को सम्मानित किया गया. आयोजन करने में डॉ दिव्या श्रीवास्तव विभागाध्यक्ष फिजियोलॉजी विभाग का प्रमुख योगदान रहा.

प्रधानाचार्य डॉ प्रशांत गुप्ता ने भावपूर्ण वक्तव्य में कहा कि चिकित्सक धरती पर भगवान का दूसरा रूप हैं. हमारे अमूल्य जीवन को बचाने में इनकी भूमिका अनमोल है. उन्होंने कहा कि डॉक्टर सिर्फ इलाज नहीं करते, वे मानवता व भरोसे का रूप हैं. उन्होंने सभी छात्रों को अच्छे डॉक्टर बनाने के लिए प्रेरित किया. समारोह में चिकित्सा शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य व नाट्य के माध्यम से भावनाओं का प्रदर्शन किया, जो आयोजन को और जीवंत बनाता है. छात्र-छात्राओं ने डॉक्टरों के समर्पण व सेवा पर कविताएँ पढ़ीं। इस अवसर पर सभी विभागाध्यक्ष प्रमुख अधीक्षक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सभी डॉक्टर गण उपस्थित रहे. मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में डॉक्टर दिवस के अवसर पर ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन भी किया गया.