आगरालीक्स…आगरा में चार दिन से लापता 12वीं के छात्र की सड़ी गली लाश मिली. दोस्त ने हत्या कर शव कुएं में फेंका. सनसनीखेज खुलासा…
आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र में रहने वाले 19 साल के छात्र कुणाल प्रजापति का शव हाथरस के सहपऊ में कुएं से बरामद हुआ है. कुणाल चार दिन से लापता था और मंगलवार को उसकी लाश सड़ी गली हालत में मिली है. कुणाल की हत्या उसकी के दोस्त ने की थी. शव को एक सूखे कुएं में फेंका गया और ईंट पत्थरों, गांजे के पौधों और झाड़ियों से ढक दिया गया था ताकि बदबू न फैले. पुलिस ने आरोपी दोस्त को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है. इधर कुणाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है.27 जून को निकला था घर से, मां से कहा था—दो घंटे में लौटूंगा
परिजनों के अनुसार कुणाल 27 जून को लाल टीशर्ट पहनकर स्कूटी लेकर घर से निकला था. उसने मां से कहा था कि वह दो घंटे में वापस लौटेगा, लेकिन शाम तक वह वापस नहीं लौटा. काफी देर इंतजार के बाद भी जब कुणाल की कोई खैर खबर नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी तलाश की और फिर गुमशुदगी दज कराई. सोशल मीडिया पर भी उसकी तलाश के लिए पोस्ट की गईं. रात को आखिरी बार जब मां ने फोन किया तो कुणाल ने कहा कि मम्मी मैं शिवम यादव के साथ हूं, पता नहीं ये कहां ये जा रहा है. दो घंटे में लौटता हूं. इसके बाद उसका फोन बंद हो गया.
सीसीटीवी फुटेज में दोस्त के साथ जाता दिखा कुणाल
आगरा पुलिस ने कुणाल की तलाश के लिए सीसीटीवी खंगाले जिसमें कुणाल अपने दोस्त शिवम के साथ स्कूटी पर जाता दिखाई दिया. पुलिस ने शिव को ट्रैक किया और हिरासत में ले लिया. पूछताछ में पहले तो वह टालमटोल करता रहा लेकिन देर रात सख्ती के बाद कबूल कर लिया कि उसने कुणाल की हत्या की है और शव को सहपऊ स्थित एक कुएं में फेंका है.
रात करीब दो बजे पुलिस शिवम को लेकर सहपऊ पहुंची. मंगलवार सुबह करीब साढे पांच बजे पुलिस ने एक सूखे कुएं से कुणाल का शव निकाला. शव पर ईंटें, झाड़ियां और गांजे के पौधे डाले गए थे जिससे कि बदबू न आए. पुलिस का कहना है कि दो युवकों को हिरासत में लिया गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है. जल्द ही पूरा खुलासा किया जाएगा. पुलिस पुछताछ कर रही है कि आखिर कुणाल की हत्या क्यों की गई और इसमें कौन—कौन शामिल था. इधर कुणाल की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया है. उनका कहना है कि कुणाल तो बहुत सीधा सादा था. किसी से कोई दुश्मीन नहीं थी.