आगरालीक्स…आगरा कॉलेज में बी.एससी प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया शुरू, पहले दिन ही 425 छात्रों को मिला प्रवेश..
आगरा कॉलेज, आगरा में प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम के निर्देशन में बी.एससी. प्रथम वर्ष (प्रथम सेमेस्टर) की प्रवेश प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रथम कट-ऑफ मेरिट सूची के आधार पर गणित तथा जीवविज्ञान वर्ग में कुल 425 छात्रों को प्रवेश प्रदान किया गया। प्रवेश प्रक्रिया विज्ञान संकाय के अंतर्गत पंडित गंगाधर शास्त्री भवन (जी.एस.बी. हॉल) में सम्पन्न कराई गई, जहाँ अभ्यर्थियों के समस्त प्रमाण-पत्रों का सत्यापन कर औपचारिक रूप से प्रवेश सुनिश्चित किया गया। प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर भूपेंद्र कुमार चिकारा ने जानकारी दी कि छात्रों की अत्यधिक संख्या के कारण प्रवेश समिति ने सायं 6:00 बजे तक प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न किया। सभी विद्यार्थियों के दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जांच के उपरांत कुल 425 छात्रों को प्रवेश प्रदान किया गया। प्रवेश के पहले दिन प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम ने आश्वस्त किया कि आगामी दिनों में भी मेरिट के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया निरंतर और पारदर्शी रूप से संचालित की जाएगी, ताकि सभी पात्र छात्रों को उचित अवसर प्राप्त हो सके।