मथुरालीक्स…रेस्टोरेंट संचालक की सड़क किनारे मिली लाश, एक महीने पहले आगरा की युवती से हुई थी शादी. दोस्त के साथ निकला था, पुलिस कर रही जांच
आगरा मंडल के मथुरा जिले में रेस्टोरेंट संचालक की लाश सड़क किनारे कींचड़ में पड़ी मिली है. सुबह पुलिस को शव पड़े होने की सूचना मिली. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो मृतक की शिनाख्त बल्देव के गांव अवरैनी निवासी 35 वर्षीय विकास अग्रवाल के रूप में हुई. विकास अग्रवाल गोवर्धन चौराहे पर अग्रवाल रेस्टोरेंट चलाते थे. इनकी एक महीने पहले ही आगरा के सिकंदरा क्षेत्र की रहने वाली युवती से शादी हुई थी.
दोस्त के साथ निकला था
परिजनों के अनुसार विकास अग्रवाल के रेस्टोरेंट में उसका दोस्त राहुल गुर्जर पार्टनर है. शनिवार देर रात वह अपने पार्टनर के साथ निकला था लेकिन रविवार सुबह छह बजे उसका शव मथुरा—सादाबाद मार्ग पर सड़क किनारे कीचड़ में पड़ा मिला. परिजनों ने बताया कि विकास की एक महीने पहले 14 जून को सिकंदरा आगरा की रहने वाली युवती से शादी हुई थी. विकास टाउनशिप पर किराए के मकान में लेकर शिफ्ट हो गया था.
पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं. जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा. पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है.