आगरालीक्स…आगरा में बोलीं राज्यपाल— कारोबारी सरकार का साथ दें तो 2047 में भारत स्वतंत्रता की शताब्दी पर मनाएगा विकसित भारत का उत्सव. आज भारत उभरती अर्थव्यवस्था का रोल मॉडल…
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की उपस्थिति में नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स यूपी आगरा के 77वां स्थापना दिवस समारोह का आयोजन डी ग्रांड मार्किस,फतेहाबाद रोड आगरा में हुआ। राज्यपाल का कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया, इसके बाद राज्यपाल की उपस्थिति में स्वास्थ्य विभाग तथा आकांक्षा समिति के सौजन्य से बेसिक शिक्षा विभाग के विभिन्न स्कूल की 50 छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर रोकथाम हेतु एचपीवी का वैक्सीनेशन किया गया। मंच पर पहुंचने पर आयोजकों द्वारा बच्चों की किताबों का सेट भेंट कर राज्यपाल का स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स यूपी आगरा के 77 वां स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए अपने संबोधन में कहा कि आज आर्थिक क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा का वातावरण है। नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स यूपी जैसी संस्थाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है, भारत आज प्रगति के पथ पर अग्रसर है। अब देश तीसरी वैश्विक अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। अनेक आंतरिक व आर्थिक चुनौतियों के के बीच भारत में आर्थिक रूप से स्थिरता है, भरोसा है, गति दिखाई पड़ रही है, ये प्रेरणाप्रद है। विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। आज भारत उभरती अर्थव्यवस्था नहीं बल्कि रोल मॉडल है। भारत विश्व का नेतृत्व कर रहा है, देश में 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है।
उन्होंने कहा कि देश का युवा नया मिजाज लेकर आगे बढ़ रहा है मुद्रा योजना, स्टार्टअप आदि योजनाओं ने युवाओं के सपने को नई उड़ान दी है 08 करोड़ युवा मुद्रा योजना से जुड़े,1.5 लाख स्टार्ट अप तैयार हुए हैं जिनमें हजारों लोगों को रोजगार मिला है ये आर्थिक क्रांति है। सरकार पूरी तरह नियत और नीति से कार्य कर रही है। उन्होंने सभी उद्योग जगत से जुड़े लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि आप सभी सरकार के कंधे से कंधा मिलाकर, डिजिटल इकोनॉमी, ग्रीन एनर्जी, एआई आदि क्षेत्रों में कार्य करें तकनीकी से जुड़ें, तकनीकी ही भविष्य है। 2047 में जब भारत स्वतंत्रता की शताब्दी मनाए तो देश विकसित भारत का उत्सव मनाए और आप भी ऐसा कार्य कर अपना योगदान दें कि आप कह सकें कि विकसित भारत बनाने में हमारा भी योगदान है।
उन्होंने बताया कि महिलाओं व बेटियों में सर्वाइकल कैंसर की समस्या बढ़ रही है, जिस महिला को यह समस्या होती है उसका पूरा परिवार उजड़ जाता है, हमारे द्वारा सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन हेतु सर्वप्रथम राजभवन में रहने वाले परिवारों की महिलाओं व बेटियों को वैक्सीनेशन कर इस मुहिम का शुभारंभ किया। इस हेतु मुझे मिलने वाले 20 लाख के कोष को दान दिया। अब पुलिस विभाग में कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों के परिवार की सभी बेटियों का सर्वे कर उनका वैक्सीनेशन किया जाएगा।
राज्यपाल ने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों,विवाह शादियों में आवश्यकता से अधिक भोजन बनाया जाता है जो बच कर बेकार हो जाता है, फेंक दिया जाता है इस पर रोक लगाएं। आज शिक्षा क्षेत्र में बेटियों को अवसर मिल रहे हैं।, वह अब स्वयं के लिए सोच रही हैं और नई उड़ान भर रही हैं, बेटियों को शिक्षित करें उन्हें समान अवसर देकर आगे बढ़ाने का कार्य करें अपने बच्चों को संस्कारवान बनाएं। आज घर में माता पिता बच्चों को शिक्षित और संस्कारित नहीं करते, बच्चे टीवी, इंटरनेट से ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया कि सोशल वर्कर आगे आएं इस क्षेत्र में काम करें।