आगरालीक्स…रक्षाबंधन पर देश के कोने—कोने से बहनें ठाकुरजी को भेज रहीं राखियां. अमेरिका, ब्रिटेन, आस्ट्रेलिया भी बांकेबिहारी जी बहनें अपने भाई पर लुटा रही प्यार
वृंदावन के ठाकुर जी की महिमा अपरम्पार है. हर कोई ठाकुर जी को अपना मानता है और रोजाना देश के कोने—कोने से भक्त अपने आराध्य के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचते हैं. रक्षाबंधन पर्व पर बांकेबिहारी के दरबार में राखी भेजने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है. इस बार भी देश के कोने—कोने से बहनें अपने ठाकुरजी को राखियां भेजकर प्यार लुटा रही हैं और मनोकामना मांग रही हैं. ठाकुर जी की बहनें केवल देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी है, जहां से बहनों ने भी उन्हें राखियां भेजी हैं. मान्यता है कि जिन बहनों के कोई भाई नहीं होता है वो ठाकुर जी को भाई मानकर अपनी राखी पोस्ट कर देती है और पूरे वर्ष अपनी सुरक्षा, सुख और सौभाग्य को लेकर उनसे वचन लेती हैं. देश के कोने कोने से इस समय ठाकुर जी को राखियां आ रही हैं. इर राखियों में रेशम की राखी, स्वर्ण रजत राखी, नोटों की राखी सहित तमाम तरह की धातुओं की राखियां आराध्य के लिए पहुंची है. राखी के साथ पत्र भी आ रहे हैं जिनमें कोई अपने भाई का हालचाल पूछ रही हैं तो कोई मनुहार लगाकर कह रही है कि भैया, आपसे मिलने की बहुत इच्छा है. हमें बुला लो.