आगरालीक्स…आगरा के व्यापारी करेंगे रक्तदान. 2000 से अधिक यूनिट रक्तदान करने का लक्ष्य. रक्तदान महायज्ञ 31 अगस्त को
मानवता और सुरक्षा के संदेश को साथ लेकर आगरा व्यापार मंडल द्वारा 31 अगस्त को आयोजित होने जा रहे तृतीय विशाल रक्तदान शिविर की तैयारियों की समीक्षा बैठक बुधवार को अतिथि वन, वाटर वर्क्स में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने की और संगठन मंत्री महामंत्री राकेश बंसल ने किया।अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने बताया कि आगामी 31 अगस्त को रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज, दरेसी नं. 1 पर सुबह 9:00 बजे से रात 9:00 बजे तक तृतीय विशाल रक्तदान शिविर आयोजित होगा। इस अवसर पर प्रत्येक रक्तदाता को ब्रांडेड हेलमेट भेंट किया जाएगा, जो उनके मानवता पूर्ण योगदान का सम्मान होगा और साथ ही यातायात सुरक्षा को लेकर एक सशक्त सामाजिक संदेश भी देगा।
उन्होंने सहयोगी संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से रक्तदान के दिन पूर्ण सहयोग एवं व्यवस्था संभालने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक दिन तन-मन से सेवा के इस यज्ञ में अपने समय की आहुति दें। एक सामाजिक क्रांति के कारण ग्रामीण लोग रक्तदान से बचते रहे हैं, लेकिन इस बार फतेहाबाद और शमशाबाद से भी ग्रामीण रक्तदान करेंगे। शिविर के मुख्य अतिथि अपना घर संस्था के डॉ. माधुरी भारद्वाज एवं डॉ. बीएम भारद्वाज होंगे।
लोकहितम ब्लड बैंक के अध्यक्ष अनिल कुमार अग्रवाल ने कहा कि आगरा व्यापार मंडल स्वयं का रिकॉर्ड तोड़कर एक कीर्तिमान स्थापित करेगा। रक्तदान 6000 लोगों का जीवन बचाएगा और 2000 रक्तदाताओं को हेलमेट मिलने से उनका भी जीवन सुरक्षित होगा। लोकहितम ब्लड बैंक शिविर में पूर्ण सहयोग देगा।
भ्रमित न हो, चिंता मुक्त हो करें रक्तदान
बैठक में लोकहितम ब्लड बैंक के रोहित अग्रवाल ने बताया कि रक्तदान को लेकर बहुत सारे लोगों में भ्रम फैला रहता है। 65 वर्ष तक के स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदान के लिए हीमोग्लोबिन साढ़े 12 होना आवश्यक है। डायबीटीज के मरीज भी रक्तदान कर सकते हैं बशर्ते इंसुलिन ना लेते हो। थायराइड और ब्लड प्रेशर के मरीज रक्तदान नहीं कर सकते।