आगरालीक्स…बटेश्वर में पानी के बीच हो रही आरती. मंदिर श्रंखला के घाट यमुना के पानी से डूबे. सड़क पर चल रही नाव….देखें फोटोज
यमुना नदी की बाढ़ में बाह के चरीथा, गढ़ी बरौली, नौगवां, नौगवां हार, बाग गुडियाना, कचौरा घाट, पुरा बीरवल, खिलावली, कटरा, दसूपुरा, कल्यानपुर, भरतार, बुढैरा, भौर, स्याइच, बड़ापुरा, कोट, बिक्रमपुर घाट आदि गांव घिर गये हैं। घरों और बस्तियों में लोग फंस गये हैं। यमुना में आई बाढ़ में चित्राहाट के पुरा बीरवल, नौगवां हार गांव के 150 लोग इटावा बॉर्डर पर फंस गये थे। बलरई, चित्राहाट पुलिस के साथ पीएसी की टीम ने बाढ़ में फंसे किशन, राजबहादुर, राम हंस, कल्यान, सुनमान, राजवीर, गंगाश्री, जयपाल, अरविन्द, विजेंद्र, जवीर, कुंअरपाल, अमृत, रोशन, मोहन, भारत, बेनीराम, विनोद, श्याम, सुमित देवी, श्रीकिशन के परिवार के 150 लोगों को रेस्क्यू किया है। उन्हें बीहड़ में विस्थापित किया है। पशुओं को ऊंचाई वाले इलाकों में रोका है।

कचौरा घाट में शिव मंदिर क्षेत्र में 10 फीट से ज्यादा पानी भर गया है। बस्ती के घर और झोंपड़ी में छाती तक पानी भर गया है। कई झोंपड़ियां बह गई। बटेश्वर की मंदिर श्रंखला पर विकराल हुई यमुना की लहरों का पानी बस्ती और घरों तक पहुंच गया है। सड़कों पर 4-4 फीट तक पानी बह रहा है। बाढ़ में फंसे गांवों के लिए राहत की बात ये है कि मंगलवार को धर्मशाला और पर्यटन काम्पलेक्स के बीच नाव चलाई गई। जिससे जरूरी सामान और दवाएं लेने के लिए गांव के लोग आ जा सके। बटेश्वर के ब्रह्मलाल जी मंदिर में पानी के बीच यमुना और ब्रह्मलाल महाराज की आरती पूजा हुई। मंदिर के बाहर छाती तक पानी भरा है। मंदिर के अंदर भी कमर तक पानी हैं। मंदिर के पुजारी जय प्रकाश गोस्वामी ने बताया कि पूजा के बाद मंदिर बंद कर दिया। बाढ़ के दौरान मंदिर बंद रहेगा।

