आगरालीक्स…आगरा में घर-घर जाकर गणना का कार्य कर रहे बीएलओ. डीएम ने पूछा अब तक कितने घरों का हुआ सर्वे..ये दिए निर्देश
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अरविन्द मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में पंचायत निर्वाचक नामावली वृहद् पुनरीक्षण की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में पंचायत निर्वाचक नामावली वृहद् पुनरीक्षण के लिए राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश द्वारा कार्यक्रम घोषित 19 अगस्त से 29 सितम्बर, 2025 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना का कार्य, गणना कार्ड के आधार पर परिकॉन/विलोपन/संशोधन की सूचियों तैयार करने, जनपद की समस्त तहसीलों में दिनांक 15 सितम्बर तक किये गये कार्यों की आदि की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी द्वारा बीएलओ की उपरिथति की समीक्षा की गई, जिसमें तहसील एत्मादपुर, खेरागढ़, किरावली, सदर द्वारा शत-प्रतिशत उपस्थिति की जानकारी दी गई, उप जिलाधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि तहसील फतेहाबाद में कुल 18 तथा तहसील बाह में कुल 12 बीएलओ ओटीपी प्राप्त न होने की वजह से उपस्थिति ई बीएलओ एप पर दर्ज नहीं कर पाये हैं तथा बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना का कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी द्वारा उपजिलाधिकारी खेरागढ़ से बीएलओ द्वारा अब तक किये गये गणना कार्य के संबंध में जानकारी मांगी गई, उपजिलाधिकारी ने अवगत कराया कि सुपरवाईजर द्वारा बीएलओ की कार्य प्रगत्ति की सूचना सप्ताहवार ली जाती है। जिलाधिकारी द्वारा सभी तहसीलों को निर्देश दिए गए कि बीएलओ द्वारा सर्वे हेतु आवंटित कुल घरों में से कितने घरों में सर्वे किया गया इसकी निरंतर समीक्षा की जाये तथा कार्यवृत्त तैयार की जाए। जिलाधिकारी महोदय द्वारा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को परिवर्धन/संशोधन/ अपमार्जन हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि तक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी द्वारा आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराये गये ई-बीएलओ ऐप के माध्यम से समस्त बीएलओ की प्रतिदिन समीक्षा करने हेतु समस्त उपजिलाधिकरियों को निर्देश प्रदान किये गये तथा सभी उप जिलाधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को निर्देश दिए कि किसी भी वीआईपी (सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष/सदस्य, क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष/सदस्य, प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य इत्यादि) का नाम मतदाता सूची में से अपमार्जित न हो इसके लिए विशेष सावधानी बरती जाए।
बैठक में एबी सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), ऋषि राद उपजिलाधिकारी (खेरागढ़), नीलम तिवारी, उपजिलाधिकारी (किरावली), देवेन्द्र प्रताप, तहसीलदार (एत्मादपुर), प्रमोद कुमार, नायब तहसीलदार (फतेहाबाद), निर्मला फौजदार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत) सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।