मथुरालीक्स…मथुरा में कल 25 सितंबर को 12वीं तक के स्कूल बंद. चप्पे—चप्पे पर होगी सुरक्षा. जानिए कारण
मथुरा में कल 25 सितंबर को 12वीं तक के स्कूल बंद करने के आदेश प्रशासन की ओर से जारी किए गए हैं. यह आदेश राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मथुरा और वृंदावन के आगमन पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लिया गया है. जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा कारणों से कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा. इसक कारण स्टूडेंट्स और अभिभावकों को असुविधा से बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है.राष्ट्रपति वृंदावन और मथुरा के प्रमुख मंदिरों में दर्शन करने आ रही हैं. ऐसे में उनके दौरे को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
डीजीपी और अपर मुख्य सचिव ने देखीं व्यवस्थाएं
महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मथुरा- वृंदावन प्रस्तावित दौरे को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. राष्ट्रपति 25 सितंबर को मथुरा आ रही हैं, और उनके दौरे से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार और डीजीपी राजीव कृष्ण मंगलवार को मथुरा पहुंचे थे. उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने के सख्त आदेश दिए.
सुरक्षा के हर पहलू पर पैनी नजर
अपर मुख्य सचिव और डीजीपी ने अपने दौरे की शुरुआत श्री कृष्ण जन्मस्थान से की. उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तार से निरीक्षण किया. बताया गया कि राष्ट्रपति श्री कृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन के लिए आएंगी, इसलिए सुरक्षा के हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा में कोई ढील न बरती जाए. सभी जरूरी इंतजाम सुरक्षा मानकों के अनुरूप किए जा रहे हैं ताकि दौरे के दौरान कोई व्यवधान न हो.
आम जनता की सुरक्षा भी प्राथमिकता
डीजीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा के साथ- साथ आम जनता की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है. हर पहलू पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि कार्यक्रम के लिए पूरी तरह से सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित हो सके. उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन और पुलिस बल मिलकर यह दौरा पूरी तरह से सफल और सुरक्षित बनाएंगे.