आगरालीक्स…लेह में हिंसा…भाजपा आफिस और सीआरपीएफ की गाड़ी में लगाई आग. हिंसा में चार की मौत और 70 से ज्यादा घायल.
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर लेह में बुधवार को हिंसक प्रदर्शन हो गया. प्रदर्शन कर रहे छात्रों की पुलिस और सुरक्षाबलों से झड़प हो गई जिसमें चार लोगों की मौत हो गई जबकि 70 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं. प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की और भाजपा आफिस और सीआरपीएफ की गाड़ी में आग लगा दी. इधर हिंसा को देखते हुए प्रशासन ने बिना अनुमति रैली और प्रदर्शन पर बैन लगा दिया है.
वांगचुक कर रहे हैं 15 दिन से भूख हड़ताल
हिंसा करने वाले ये छात्र सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के समर्थन में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. वांगचुक पिछले 15 दिनों से मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे. मांगें पूरी न करने के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने आज बंद बुलाया था और इसी दौरान हिंसा हो गई.
वांगचुक ने बताया बेवकूफी
हिंसा के बाद वांगचुक ने अनशन तोड़ दिया और कहा कि यह लद्दाख के लिए दुख का दिन है. हम पांच साल से शांति के रास्ते पर चल रहे थे. अनशन किया, लेहन से दिल्ली तक पैदल चलकर गए. आज हम शांति के पैगाम को असफल होते हुए दिख रहे हैं. हिंसा, गोलीबारी और आगजनी हो रही है. उन्होंने कहा कि मैं लद्दाख की युवा पढ़ी से अपील करता हूं कि इस बेवकूफी को बंद करें. हम अपना अनशन तोड़ रहे हैं, प्रदर्शन रोक रहे हैं.