आगरालीक्स…आगरा में कक्षा-6 की छात्रा पीहू बनी एक दिन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी. विभिन्न स्कूलों की बालिकाओं को बैंको का कराया गया भ्रमण, बैंकिंग व्यवस्था की दी गई जानकारी
आज ऑपरेशन 5.0 मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत कम्पोजिट विद्यालय डायट परिसर, नगर क्षेत्र, आगरा में अध्ययनरत कक्षा-6 की छात्रा पीहू को एक दिन का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पद का चार्ज दिया गया तथा शहर के विभिन्न स्कूलों की बालिकाओं को बैंको का भ्रमण कराया गया, जिसमें उन्हें बैंकिंग व्यवस्था की जानकारी दी गई। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वालम्बन के लिए “मिशन शक्ति“ के पॉचवे चरण का शुभारम्भ के क्रम में महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, उ०प्र०, लखनऊ द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए “मिशन शक्ति“ विशेष अभियान के पॉचवे चरण की जारी कार्ययोजना के अन्तर्गत समस्त प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट विद्यालय तथा केजीबीबी में विद्यालय विकास खण्ड, तहसील, जिला तथा मण्डल स्तर पर बालिकाओं को प्रमुख पदों पर एक दिन आसीन करने के निर्देश दिए गये थे।
इसके अन्तर्गत आज कम्पोजिट विद्यालय डायट परिसर, नगर क्षेत्र, आगरा में अध्ययनरत कक्षा-6 की छात्रा पीहू को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, आगरा के पद का चार्ज ग्रहण कर बेसिक शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारी कर्तव्य निष्ठा की जानकारी दी गयी एवं बीएसए के दैनिक कार्यों का सम्पादन की कार्यवाही की गयी। छात्रा पीहू ने यह भी जाना कि विद्यालयों में संचालित विभागीय योजनाओं यथा-मध्यान्ह भोजन योजना, डी०बी०टी के माध्यम से ड्रेस उपलब्ध कराना, कायाकल्प योजना को जिला मुख्यालय से विद्यालय स्तर तक किस तरह से क्रियान्वयन किया जाता है, जिसकी जानकारी उपलब्ध कराई गई।
इसी क्रम में निर्धारित कार्यक्रम के अन्तर्गत कम्पोजिट विद्यालय डायट परिसर, नगर क्षेत्र व अन्य बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को केनरा बैंक, साकेत कालॉनी, आगरा सहित अन्य बैंको का भ्रमण कराया गया, जिसमें सभी बालिकाओं को खाता संचालन की प्रक्रिया सम्बन्धी जानकारी प्रदान करते हुए उन्हें बैंकिंग व्यवस्था की जानकारी दी गई एवं उनको जागरूक किया गया।