आगरालीकस…आगरा के कमलेश टंडन हॉस्पिटल ने रचा चिकित्सा क्षेत्र में इतिहास. उत्तर प्रदेश में पहली बार रोबोटिक टेली-सर्जरी का सफल संचालन
चिकित्सा क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम बढ़ाते हुए आगरा ने एक और नया इतिहास रच दिया है। उत्तर प्रदेश में पहली बार कमलेश टंडन हॉस्पिटल, आगरा में रोबोटिक टेली-सर्जरी के माध्यम से एक जटिल शल्यक्रिया का सफल संचालन किया गया। इस ऐतिहासिक सर्जरी के अंतर्गत वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित टंडन ने आगरा में उपस्थित रहकर रोबोटिक तकनीक के माध्यम से भोपाल में एक महिला रोगी का ऑपरेशन किया। वहीं, डॉ. प्रिया भावे ने भोपाल से जुड़ते हुए आगरा की एक महिला मरीज की रसोई (Ovary) की सफल रोबोटिक सर्जरी संपन्न की। आगरा में यह पहली बार है जब दो शहरों के बीच इस अत्याधुनिक तकनीक से एक साथ दो अलग-अलग स्थानों पर सफल सर्जरी की गई हैं।

साथ ही, डॉ. अमित टंडन ने आगरा में ही एक महिला की बच्चेदानी (Uterus) की सर्जरी भी की, जिसमें बच्चेदानी के अपनी जगह से खिसकने या बाहर आ जाने की स्थिति में उसे टेप तकनीक के माध्यम से पुनः स्थान पर स्थापित किया गया। यह सर्जरी भी पूर्णतः रोबोटिक प्रणाली से की गई, जो उत्तर प्रदेश में अपनी तरह की पहली सफल प्रक्रिया रही। कमलेश टंडन हॉस्पिटल में इस तरह की उन्नत चिकित्सा पद्धतियों का सफल प्रयोग न केवल आगरा, बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए गर्व का विषय है। इस उपलब्धि के साथ आगरा चिकित्सा जगत में एक नवीन क्रांति का केंद्र बनता जा रहा है, जिसे देश-विदेश के चिकित्सा विशेषज्ञ भी सराह रहे हैं।