आगरालीक्स…आगरा के गुरुद्वारा गुरु का ताल में 38वां गुरमत समागम कल से. देशभर के रागी जत्थे,धर्म प्रचारक होंगे शामिल. पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए होगा ये काम
गुरुद्वारा दूख निवारण साहिब गुरु का ताल में 1 अक्टूबर से 3 अक्टूबर तक 38वां गुरमत समागम आयोजित किया जा रहा है। यह समागम गुरुद्वारा गुरु का ताल की दो दशकों तक सेवा संभालने वाले संत बाबा साधू सिंह जी मौनी और संत बाबा निरंजन सिंह जी की याद में मनाया जाता है। इस वर्ष हो रहे आयोजन की विस्तार से जानकारी देते हुए गुरमत समागम का पोस्टर विमोचन किया गया।
देशभर से आएंगे रागी जत्थे
गुरुद्वारा गुरु का ताल के मौजूदा मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह ने बताया कि इस आयोजन में देशभर के जाने-माने रागी जत्थे, धर्म प्रचारक, कथा वाचक , कविजन, ढाडी जत्थे और देश के प्रमुख गुरुद्वारों व तख्त साहिब के जत्थेदार भी शामिल होते हैं। 1 अक्टूबर शाम से शुरू होकर 2 अक्टूबर देर रात तक चलने वाले इस गुरमत समागम में देश के विभिन्न हिस्सों से भारी संख्या में संगत भी हिस्सा लेने आती है। इस दौरान व्यवस्था संभालने व लंगर वितरण की सेवा के लिए सितारगंज से भाई मंज सेवा सोसायटी के सेवादार भी आगरा आ रहे हैं।
संत बाबा साधू सिंह जी मौनी और संत बाबा निरंजन सिंह की याद में होता है ये समागम
गुरुद्वारा गुरु का ताल के बाबा अमरीक सिंह ने बताया कि सन 1971 में संत बाबा साधू सिंह जी मौनी ने हजूर साहिब से आकर गुरुद्वारा गुरु का ताल की सेवा संभाली। संत बाबा निरंजन सिंह जी व मौजूदा मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह के सहयोग से उन्होंने इस गुरुद्वारा को भव्य स्वरूप दिया और काफी निर्माण कार्य कराये। उन्होंने बताया गुरमत समागम की आरंभता 1 अक्टूबर की शाम को 7:00 बजे से कवि दरबार के साथ होगी। कीर्तन समागम 2 अक्टूबर सुबह 9:00 बजे से भाई नंदलाल जी समागम हाल में शुरू होगा।यह दीवान दोपहर 3:00 बजे तक चलेगा। 2 अक्टूबर को ही शाम 7:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक कीर्तन समागम का आयोजन रहेगा।
पंजाब बाढ़ पीड़ितों का किया जाएगा सहयोग
श्री गुरु सिंह सभा माईथान के प्रधान कवलदीप सिंह और हेड ग्रंथी ज्ञानी कुलविंदर सिंह ने इस दो दिवसीय विशाल गुरमत समागम मैं संगत से बढ़कर हिस्सा लेने और गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने की अपील की है। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में मौजूद गुरमीत सिंह सेठी और परमजीत सिंह सरना ने बताया कि 3 अक्टूबर की सुबह गुरुद्वारा मंजी साहिब में अमृत संचार किया जाएगा।इसके लिए दिल्ली से गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से पंजप्यारे साहिबान अमृत पान कराने आएंगे। मीडिया प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि पंजाब में आई बाढ़ और बाढ़ पीड़ितों के सहयोग को देखते हुए गुरुद्वारा गुरु का ताल ने इस वर्ष कीर्तन समागम का स्वरूप कुछ छोटा किया है साथ ही समागम के दौरान तीन दिन तक मिष्ठान वितरण को भी इस वर्ष स्थगित किया है। इन बदलावों का उद्देश्य बाढ़ पीड़ितों के लिए अधिक से अधिक सहायता जुटाना है ।इन बदलाव से होने वाली बचत पूरी तरह से बाढ़ पीड़ितों के सहयोग के लिए भेजी जाएगी।
यह रागी जत्थे देंगे हाजरी
तीन दिवसीय कीर्तन समागम में आने वाले प्रमुख सिंह साहिबान व रागी जत्थों में मुख्य रूप से सिंह साहिब ज्ञानी रणजीत सिंह, (हेड ग्रंथी गुरुद्वारा बंगला साहिब नई दिल्ली), सिंह साहिब ज्ञानी अंग्रेज सिंह (हेड ग्रंथी गुरुद्वारा शीशगंज साहिब नई दिल्ली), भाई सरबजीत सिंह लुधियाना वाले, भाई निरवैर सिंह जी (दरबार साहिब अमृतसर) ,भाई हरजोत सिंह जख्मी जालंधर, भाई कुलविंदर सिंह जी खरड़ वाले आयोजन में हिस्सा लेंगे।
पोस्टर विमोचन में रहे शामिल
तीन दिवसीय गुरमत समागम के पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा गुरु का ताल के मौजूदा मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह जी जत्थेदार राजेंद्र सिंह, बाबा अमरीक सिंह जी, महंत हरपाल सिंह जी, परमजीत सिंह सारना, गुरमीत सिंह सेठी, शेर सिंह, गुरुद्वारा माईथान के ग्रंथी कुलविंदर सिंह, ग्रंथि अजायब सिंह टीटू, ग्रंथि हरबंस सिंह, सतनाम सिंह, जोगा सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।