आगरालीक्स…आगरा में गुरु का ताल से सिकंदरा तक मेट्रो निर्माण में सफलतापूर्वक रखे गए 3 यू गर्डर (Video). दूसरे कॉरिडोर में एमजी रोड पर भी तेज गति से जारी है सिविल निर्माण
आगरा मेट्रो रेल परियोजना के तीव्र कार्यान्वयन के अनुरूप, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा पहले कॉरिडोर के शेष सेक्शन में निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है। इस भाग में स्टेशन के प्लेटफार्म तल के निर्माण के लिए यू गर्डर का प्रयोग किया जा रहा है। ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच बन रहे पहले कॉरिडोर के शेष एलिवेटेड भाग (गुरु का ताल से सिकंदरा) में आईएसबीटी में स्टेशन के प्लेटफार्म तल के निर्माण के लिए अब तक तीन यू-गर्डर सफलतापूर्वक रखे जा चुके हैं।

आमतौर पर वायाडक्ट के निर्माण हेतु प्रयोग किए जाने वाला यू-गर्डर लगभग 28 मीटर लंबा और लगभग 160 टन वज़नी होता है, वहीं स्टेशन निर्माण के लिए प्रयोग किए जा रहे यू गर्डर का स्टैंडर्ड यू गर्डर से कम है। बता दें कि के यू गर्डर के परिनिर्माण हेतु दो 500-टन क्रेनों का उपयोग करके उठाकर पियर कैप पर रखा जाता है। पूरी प्रक्रिया कुशल निर्माण इंजीनियरों की निगरानी में पूरी की जाती है, और हर चरण में सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
दूसरा कॉरिडोर: त्वरित कार्यान्वयन, समयबद्ध समापन
आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक चिह्नित दूसरे कॉरिडोर के लिए सिविल कार्य तेज़ी से प्रगति पर हैं। दूसरे कॉरिडोर में पियर कैप और यू-गर्डर्स का निर्माण कार्य चल है और डौकी स्थित कास्टिंग यार्ड में कास्टिंग का कार्य किया जा रहा है, जिससे गुणवत्ता नियंत्रण और दक्षता सुनिश्चित हो रही है। इसके अतिरिक्त, यात्रियों की सुविधा और साइट की पहुँच बनाए रखने के लिए परियोजना क्षेत्र में गड्ढों को तुरंत भरने का काम भी समय पर किया जा रहा है, जो निर्माण के दौरान जन सुरक्षा और न्यूनतम व्यवधान के प्रति यूपीएमआरसी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
वर्तमान में, आगरा मेट्रो, ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच पहले कॉरिडोर के अंतर्गत, ताज ईस्ट गेट से मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन तक के प्राथमिकता वाले खंड पर परिचालन कर रही है। इस कॉरिडोर के शेष खंड पर चार भूमिगत स्टेशनों का सिविल निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है और परिचालन बहुत जल्द शुरू हो जाएगा।