आगरालीक्स…आगरा से हर आधे घंटे में मिलेंगी दिल्ली, लखनऊ और जयपुर के लिए बसें. त्योहार पर 100 अतिरिक्त बसें चलाएगा परिवहन निगम
दिवाली का पंचदिवसीय त्योहार कल यानी शनिवार से शुरू हो रहा है. त्योहार मनाने के लिए लोग अपने—अपने घरों पर जाना शुरू हो गए हैं. ट्रेनों में भीड़ अपार है, लोगों को खड़े होने तक के लिए जगह नहीं मिल रही है. ऐसे में आगरा परिवहन निगम की ओर से लंबी दूरी मार्गों पर 100 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा. यही नहीं स्थानीय मार्गों पर भी बसों के फेरों में 25 प्रतिशत बढ़ोतरी होगी.
क्षेत्रीय प्रबंधक ब्रह्मप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि 18 अक्टूबर से इसकी शुरुआत होगी. रोडवेज के पास इस समय करीब 747 बसें हैं. यात्रियों की भीड़ के अनुसार अतिरिक्त् बसों का संचालन किया जाएगा. दिल्ली मार्ग पर करीब 116 बसें चलेंगी. जिसमें से कुछ बसें मथुरा—फरीदाबाद होते हुए जांएगी और अन्य बसें नोएडा एक्सप्रेस वे से संचालित होंगी. आगरा से एक्सप्रेस वे होते हुए लखनऊ जाने के लिए करीब 80 बसें चलेंगी. वहीं ईदगाह बस स्टेशन से जयपुर मार्ग के लिए 50 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा. इसमें सी और नॉन एसी बसें भी शामिल होंगी.