आगरालीक्स…आगरा कैंट स्टेशन पर बना स्पेशल होल्डिंग एरिया. छठ पर्व को लेकर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बनाए गए.
छठ पर्व के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्ग निर्देशन में आगरा मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इन पर्वों के दौरान स्टेशन परिसरों में यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होती है, जिसके दृष्टिगत आगरा छावनी एवं मथुरा जंक्शन स्टेशन परिक्षेत्रों में विशेष होल्डिंग एरिया तैयार किए गए हैं ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके एवं यात्रियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से ट्रेनों में बैठने की सुविधा मिल सके एवं समय समय पर मंडल के अधिकारियो द्वारा स्टेशन पर यात्री प्रतीक्षालय का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यात्री प्रतीक्षालयों में उपलब्ध सुविधाओं का विस्तारपूर्वक जायजा लिया, जिसमें स्वच्छता की स्थिति, बैठने की व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतज़ाम एवं शौचालयों की स्वच्छता की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि सभी व्यवस्थाएँ यात्रियों की सुविधा के अनुरूप हों तथा त्योहारों के दौरान बढ़ी हुई भीड़ के समय कोई असुविधा न हो।
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टेशन पर आवश्यक संकेतक, घोषणाओं की पर्याप्त व्यवस्था तथा रेल सुरक्षा बल की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। स्टेशनों पर पीए सिस्टम के माध्यम से निरंतर यात्रियों को आवश्यक सूचनाएँ दी जा रही हैं, ताकि वे प्लेटफार्म और ट्रेन संबंधी जानकारी समय पर प्राप्त कर सकें।
मंडल प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और स्वच्छ यात्रा अनुभव प्रदान करना है।त्योहारों के इस अवसर पर रेल प्रशासन द्वारा अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन, स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने, पार्किंग क्षेत्र के बेहतर प्रबंधन, खानपान स्टॉलों की निगरानी एवं यात्री सहायता केंद्रों की व्यवस्था जैसे कई कदम उठाए गए हैं। आगरा मंडल की यह पहल यह सुनिश्चित करती है कि दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों को न केवल सुविधा मिले, बल्कि उनका रेल अनुभव भी आनंददायक बने।