आगरालीक्स…आगरा में भाई दूज पर खाटू नरेश का स्वर्णिम श्रृंगार, रंग-बिरंगे पुष्पों और दीपों से निखरी भक्ति की आभा
दीपोत्सव की श्रृंखला में जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में भाई दूज के पावन अवसर पर विशेष श्रृंगार और कीर्तन का आयोजन किया गया। भक्ति, सौंदर्य और आलोक के संगम ने पूरे मंदिर परिसर को दिव्यता से भर दिया। दीपोत्सव के अंतर्गत मनाए जा रहे भक्ति उत्सवों की कड़ी में भाई दूज विशेष श्रृंगार के अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में भक्तों की बड़ी संख्या उमड़ी। भक्ति भाव से ओतप्रोत माहौल में श्याम बाबा का रंग-बिरंगे पुष्पों और स्वर्ण आभूषणों से दिव्य श्रृंगार किया गया।
श्रद्धालुओं ने दीपों की ज्योति और भजन की मधुर ध्वनियों के बीच बाबा के मनमोहक श्रृंगार दर्शन किए। श्रृंगार एवं पोशाक सेवा विक्रम अग्रवाल और बबीता अग्रवाल की ओर से समर्पित की गई, जबकि लाइटिंग सेवा श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट द्वारा की गई।
शाम को आयोजित कीर्तन श्रृंगार में “श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम” और “तेरे दर पे आया श्याम दुलारे” जैसे भजनों पर भक्त झूम उठे। दीपों और पुष्पों से सजे मंदिर परिसर में भक्ति, उल्लास और प्रकाश का अद्भुत संगम देखने को मिला।