आगरालीक्स…आगरा में मम्मी—पापा के साथ एक्टिवा से नानी के यहां जा रही 4 साल की बच्ची की एक्सीडेंट में मौत. डंपर ने मारी थी एक्टिवा को टक्कर
आगरा में मम्मी—पापा के साथ भाईदूज पर नानी के यहां जा रही एक 4 साल की बच्ची की एक्सीडेंट में दुखद मौत हो गई. एक्सीडेंट फतेहाबाद तहसील क्षेत्र में हुआ. डंपर ने एक्टिवा को टक्कर मारी जिसके बाद बच्ची गिरकर डंपर के नीचे आ गई. चालक डंपर छोड़कर भाग निकला.
नरीपुरा में सचिन शर्मा रहते हैं. भाईदूज पर वह आज अपनी पत्नी खुशबू और चार साल की बेटी नित्या के साथ दोपहर दो बजे फतेहाबाद में एक्टिवा से जा रहे थे.दोपहर तीन बजे फतेहाबाद में अवंतीबाई चौक पर बाह की तरफ से आ रहे एक डंपर ने एक्टिवा को टक्कर मार दी. इससे चार साल की नित्या गिर गई और डंपर के नीचे आकर घायल हो गई. हादसे में खुशबू भी घायल हो गई.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने चार साल की मासूम नित्या को मृत घोषित कर दिया. वहीं मां खुशबू की हालत भी गंभीर है. हादसे के बाद डंपर चालक गाड़ी को छोड़कर भाग निकला. पुलिस कार्रवाई कर रही है.