आगरालीक्स…आगरा में गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश उत्सव का उल्लास. 5 को गुरुद्वारा माईथान और गुरुद्वारा कलगीधर में सजेंगे कीर्तन दरबार
सिख धर्म के संस्थापक व प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व को आगरा में बहुत ही श्रद्धा उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। आगरा में सिख धर्म की केंद्रीय संस्था श्री गुरु सिंह सभा माईथान की ओर से 5 नवंबर को प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा माईथान में सुबह 7 से दोपहर दो बजे तक और गुरुद्वारा कलधीगर सदर में शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक कीर्तन दरबार आयोजित किया जा रहा है।
कीर्तन समागम का पोस्टर जारी करते हुए प्रधान कमलदीप सिंह और हेड ग्रंथी गुरुद्वारा ज्ञानी कुलविंदर सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा माई थान में कीर्तन दीवान की शुरुआत अखंड कीर्तनी जत्थे के भाई जसपाल सिंह आसा दी वार के कीर्तन के साथ करेंगे। इसके बाद गुरुद्वारा में हजूरी रागी भाई विजेंद्र सिंह जोगिंदर सिंह हाजरी भरेंगे। मुख्य रूप से लुधियाना से आए भाई बलकार सिंह जी अपनी अमृतमयी वाणी से संगत को निहाल करेंगे। चेयरमैन परमात्मा सिंह अरोड़ा ने बताया कि गुरु नानक देव जी का जुड़ाव गुरुद्वारा माईथान से भी रहा है। उन्होंने इस स्थान पर कुछ समय प्रवास भी किया था।
मीडिया प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि प्रकाश पर्व के अवसर पर शाम का मुख्य दीवान गुरुद्वारा श्री कलगीधर सदर बाजार में आयोजित किया जाएगा। प्रेस वार्ता में मौजूद गुरुद्वारा कलगीधर सदर बाजार के सेक्रेटरी रविंद्र ओबराय ने बताया कि भाई बलकार सिंह जी के अलावा सदर गुरुद्वारा का हजूरी रागी जथा वह अन्य धर्म प्रचारक यहां शिरकत करेंगे। गुरुद्वारा सदर बाजार की प्रबंध कमेटी ने आगरा शहर की संगत से शाम के दीवान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान बंटी ओबेरॉय ,बबलू अर्शी वीरेंद्र सिंह वीरे, बंटी ग्रोवर, रौनक अरोड़ा, प्रवीण अरोड़ा ,सतविंदर सिंह,हर मंदिर पाल सिंह, सनी अरोरा, रक्षपाल सिंह आदि मौजूद रहे।