आगरालीक्स…आगरा में महारक्तदान शिविर में 102 यूनिट रक्त प्राप्त हुआ. रक्तदान के लिए किया प्रेरित
समाजसेवा को समर्पित तरंग सिंघल के नेतृत्व में इस वर्ष भी 15 नवंबर 2025 को कमला नगर स्थित लोकहितम बैंक में भव्य महारक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह वार्षिक शिविर पिछले छह वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हर वर्ष लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस बार शिविर की विशेषता यह रही कि रक्तदान के साथ-साथ प्लांट डोनेशन शिविर भी आयोजित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि ब्लॉगरों एवं मीडिया साथियों ने इस सामाजिक अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।तरंग सिंघल ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में कैंसर, थैलीसीमिया और डायलिसिस जैसे गंभीर रोगों में रक्त की मांग काफी बढ़ी है। ऐसे मरीजों को नियमित अंतराल पर रक्त की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान हर स्वस्थ व्यक्ति का कर्तव्य है, क्योंकि एक यूनिट रक्त कई जिंदगियां बचा सकता है।क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए शिविर को सफल बनाया। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर रक्तदान किया और मानव सेवा के इस अभियान को गति प्रदान की।