आगरालीक्स..उफ, आगरा में जन्म होते ही झाड़ियों में फेंकी नवजात बच्ची. नन्ही जान के चुभ रहे थे कांटे..फिर ऐसे मिली नई जिंदगी….
आगरा के सीएचसी बाह के पीछे झाड़ियों में आज लोगों ने एक नवजात बच्ची जिसकी नाल भी कटी थी, उसको पड़ा हुआ देखा. बच्ची झाड़ियों के बीच थी और उस नन्हीं जान के कांटे चुभ रहे थे. लोगोें ने देखा तो स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने तुरंत बच्ची को उठाया और बच्ची को अस्पताल ले जाया गया. यहां उसे नई जिंदगी मिली है.
सीएचसी बाह के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुशवाह ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब पौने दो बजे कुछ मरीज और तीमारदार टहल रहे थे कि तभी उन्हें स्टोर रूम के पीछे से एक नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी. जब जाकर वहां देखा तो एक नवजात बच्ची रो रही थी जिसके शरीर पर कांटे चुभ रहे थे. उसकी नाल भी नहीं कटी थी. इस पर स्वास्थ्यकर्मियों ने बच्ची को उठाया और प्रसव कक्ष में लेकर पहुंंचे. बच्ची का उपचार किया गया, कांटे चुभने से जख्म हो गए थे.
यहां नवजात को अस्पताल के एनबीएसयू वार्ड में भर्ती किया गया. रेडिएंट वार्मर में रखा गया और दूध पिलाया गया. अब वह स्वस्थ है. अस्पताल प्रशासन की सूचना पर बाह पुलिस ने नवजात को झाड़ियों में फेंके जाने की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अस्पताल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज देख रही है.