आगरालीक्स..आगरा कॉलेज की स्थापना के 200 साल पूरे होने पर 21 नवंबर को होगा भव्य आयोजन. 8 संस्थानों का होगा शिलान्यास.
ऐतिहासिक आगरा कॉलेज अपनी स्थापना के 200 वर्ष पूर्ण होने पर 21 नवंबर को एक भव्य समारोह का आयोजन कर रहा है। इस विशेष अवसर पर महाविद्यालय परिसर में प्राचार्य निवास के पीछे की आगरा कॉलेज की भूमि पर एक विशेष अस्थायी सभास्थल का निर्माण किया गया है जिसे इसके संस्थापक गंगाधर शास्त्री के नाम पर “गंगाधर शास्त्री मंडप” का नाम दिया गया है। कार्यक्रम के अंतर्गत आगरा कॉलेज के उक्त स्थान पर चिर प्रतीक्षित सीमांकन करते हुए नवनिर्मित परिसीमा दीवार (बाउंड्री वॉल) का लोकार्पण तथा उत्तर प्रदेश शासन द्वारा स्वीकृत कई नए शैक्षणिक संस्थानों एवं केंद्रों का शिलान्यास मुख्य कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन महाविद्यालय की दो सदियों की शैक्षणिक धरोहर को भविष्य उन्मुखी बनाते हुए नए मार्ग प्रशस्त करेगा।
आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी.के. गौतम ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (उच्च शिक्षा) योगेंद्र उपाध्याय होंगे। अध्यक्षता मंडलायुक्त एवं आगरा कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह (आईएएस) करेंगे। प्रो. गौतम ने कहा कि यह समारोह महाविद्यालय के विकास और विस्तार की दिशा में एक स्वर्णिम अध्याय सिद्ध होगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय एवं प्रशासन जगत के कई विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहेंगे, जिनमें अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में विवि की कुलपति प्रो. आशू रानी, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, डीएम अरविंद बंगारी भी मौजूद रहेंगे.
शिलान्यास हेतु स्वीकृत प्रमुख संस्थान—
आचार्य चाणक्य परीक्षा भवन
गणेश शंकर विद्यार्थी पत्रकारिता एवं जनसंचार अध्ययन संस्थान
गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर विदेशी भाषा अध्ययन केंद्र
पं० गंगाधर शास्त्री प्राच्य विद्या, भाषा और संस्कृति अध्ययन केंद्र
डॉ० भीमराव अंबेडकर सामाजिक न्याय अध्ययन केंद्र
ब्रज कौशलधाम कौशल विकास संस्थान
यूजीसीएचआरडी अकादमिक स्टाफ कॉलेज
आगरा कॉलेज आगरा अतिथि गृह
प्राचार्य प्रो. सी के गौतम ने बताया कि यह आयोजन आगरा कॉलेज की निरंतर प्रगति, शैक्षिक उत्कृष्टता और समृद्ध विरासत का सशक्त प्रतिबिंब है। यह समारोह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुदृढ़ शैक्षणिक आधार और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।