आगरालीक्स…आगरा की अटलपुरम टाउनशिप में दूसरे चरण के 518 प्लॉट्स की बुकिंग शुरू. किस सेक्टर में कितने प्लॉट, कितनी कीमत और बुकिंग की पूरी प्रक्रिया जानें
आगरा में एडीए की बहुचर्चित अटलपुरम टाउनशिप में अब दूसरे चरण के भूखंडों की बुकिंग शुरू हो गई है. ककुआ व भांडई में स्थित अटलपुरम टाउनशिप के पहले चरण के बाद अब आज 21 नवंबर से दूसरे चरण के आवासीय भूखंडों की बुकिंग शुरू कर दी गई है. आयुक्त सभागार में इसका शुभारंभ मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार ने किया.इस चरण में सेक्टर चार, पांच, छह व सात हैं जिसमें 518 आवासीय भूखंड हैं. इन 518 प्लॉट्स में एमआईजी—3 के 156 प्लॉट्स है जिनका क्षेत्रफल 101 से 150 वर्गमीटर है. वहीं 214 प्लॉट्स एचआईजी श्रेणी के है जिनका क्षेत्रफल 151 से 300 वर्गमीटर में है. इसके अलावा सुपर एचआईजी की भी श्रेणी है जिसमें 148 प्लॉट्स हैं और इनका क्षेत्रफल 300 वर्गमीटर से अधिक का है.
इच्छुक आवेदक जनहित की वेबसाइट और आगरा विकास प्राधिकरण की वेबसाइट पर जाकर आनलाइन बुकिंग करा सकते हैं. 1100 रुपये का आवेदन पत्र एडीए की वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा. किसी भी असुविधा पर आवेदन 0562—2510070 या 9084407890 पर संपर्क कर सकते हैं.
आवासीय भूमि की दर 29 हजार 500 रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्धारित की गई है. सेक्टर 4 में 235, सेकटर 5 में 63, सेक्टर 6 में 14 और सेक्टर 7 में 206 भूखंड हैं. इससे पहले आगरा विकास प्राधिकरण की इस अटलपुरम टाउनशिप के पहले चरण में स्थित सेक्टर एक, दो व तीन के आवासीय भूखंडों की आनलाइन बुकिंग की जा चुकी है. सेक्टर एक के 322 में से 283 आवासीय भूखंडों का आवंटन 29 सितंबर को किया गया था. इसके बाद सेक्टर दो व तीन के 374 भूखंडों के लिए 783 आवेदन आए.