आगरालीक्स….आगरा में ताज महोत्सव इस बार शिल्पग्राम में नहीं होगा. स्थान बदला गया…तारीख भी जारी, टिकट रेट भी जारी
ताज महोत्सव 2026 आयोजन को लेकर मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह जी की अध्यक्षता में आज शनिवार को ताज महोत्सव समिति की बैठक हुई। पर्यटन विभाग द्वारा ताज महोत्सव के आयोजन हेतु प्रस्तावित बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया गया। आयोजन तिथि, स्थल, थीम सहित विभिन्न बिन्दुओं पर विचार विमर्श किया गया। शिल्पग्राम में जीर्णोद्धार कार्य प्रगतिमान होने के कारण इस बार ताज महोत्सव आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट के बने बड़े मैदान में किया जाएगा। यह आयोजन 18 से 27 फरवरी तक होगा। पहली बार खुले मैदान में हो रहे ताज महोत्सव के आयोजन को भव्य व सफल बनाने के लिए मण्डलायुक्त ने पर्यटन विभाग को जिलाधिकारी और डीसीपी के साथ स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।वहीं गठित उपसमितियों को भी सक्रिय कर ताज महोत्सव से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की तैयारियां शुरू कराये जाने के निर्देश दिए।
ताज महोत्सव स्थल में प्रवेश टिकट की दर यथावत 50 रूपये प्रति व्यक्ति (3 साल से उपर सभी) रखी गयी है। शिल्प मेला के अन्तर्गत लगायी जाने वाली अस्थाई स्टालों की दरों में लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि की गयी है। पार्किंग की व्यवस्था कलाकृति मैदान में की जाएगी। सदर बाजार, आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट, ग्यारह सीढ़ी और फतेहपुर सीकरी और बटेश्वर आदि स्थलों पर विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन होंगे, जिसकी सूची तैयार करने के निर्देश दिए, साथ ही प्रमुखता से बड़े कलाकारों के भी जल्द चयन करने के निर्देश दिए गये। ताज महोत्सव 2026 की थीम निर्धारित करने हेतु मीडिया में विज्ञप्ति जारी कर आमजन से सुझाव मांगे जायेंगे। तत्पश्चात सर्वश्रेष्ठ थीम का चयन किया जाएगा।
स्पांसरशिप/प्रायोजकों के माध्यम से समिति की आय बढ़ाने पर भी विचार विमर्श किया गया। आयुक्त महोदय द्वारा निर्देश दिए गये कि नये स्पांसरशिप ढूंढें जाए, साथ ही विज्ञापन के लिए भी एप्रोच किया जाए। मण्डलायुक्त महोदय ने मेला स्थल व्यवस्था समिति के अध्यक्ष नगरायुक्त महोदय और टेण्डर समिति की अध्यक्षा एडीए उपाध्यक्ष महोदया को निर्देश दिए कि ताज महोत्सव के सभी स्थलों का संयुक्त निरीक्षण सभी व्यवस्थाएं और जनसुविधाएं दुरूस्त कर ली जाएं। लाईटिंग, साज सज्जा, प्रचार प्रसार, कलाकारों के चयन इत्यादि आयोजन से संबंधित सभी निविदाएं दिसंबर के पहले सप्ताह में ही जारी की जाएं। वहीं सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था समिति से मौजूद संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था बनाये रखने हेतु ससमय तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।बैठक में जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी, एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मौली, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, विशाल श्रीवास्तव, रमेश वाधवा आदि मौजूद रहे।