आगरालीक्स…सर्द मौसम में मूंगफलियों का बाजार गर्म, आगरा में एमपी और राजस्थान वाली मूंगफली की डिमांड, क्या आपको पता है भारत में कहां होती है इसकी सर्वाधिक पैदावार ?
आगरा में सर्द मौसम की शुरुआत के साथ ही बाजारों में मूंगफलियों का बाजार भी गर्म हो गया है। आपमें से भी कई लोग सर्द दिनों में गर्म-गर्म मूंगफली खाने का शौक रखते होंगे। लेकिन क्या आपको पता है कि आगरा में कहां की मूंगफली ज्यादा खाई जाती है और क्या आपको यह भी पता है कि भारत के किस राज्य में सबसे ज्यादा मूंगफली की पैदौवार होती है। अगर नहीं तो जानें इस खबर में।
सर्द मौसम की शाम आगरा के हर चौक—चौराहे पर आपको गर्मागर्म मूंगफली की सौंधी महक आ ही जाएगी। घर लौटते वक्त हर कोई परिवार के साथ मूंगफलियों का आनंद लेने के लिए मूंगफली खरीद ही लेता है। आगरा के तमाम चौराहों, गली—मोहल्लों में इन दिनों , ठेल—ढकेल, रेहड़ियों और जमीन पर भट्टी लगाए मूंगफली बेचने वालों की बाढ़ सी आई हुई है। इनसे बात करने पर पता चलता है कि आगरा में सबसे ज्यादा मूंगफली की आदम राजस्थान से होती है। जबकि कई लोगों को एमपी की मूंगफली पसदं होती है। वे दुकानदारों से एमपी की मूंगफली के बारे में पूछते हैं लेकिन इसकी उपलब्धता कम है। इस कारण से यह कीमत में भी अधिक है।
न्यू आगरा में एपमी की मूंगफली बेचने वाले एक दुकानदार कहते हैं कि उन्होंने एमपी से मूंगफली मंगवाई है। पिछले कई सालों में एमपी की मूंगफली के लिए उनकी पहचान बन गई है। एमपी वाली मूंगफली खाने की चाहत रखने वाले ग्राहक अब उन्हें पूछते हुए आते हैं। ऐसे में चाहकर भी वे अब राजस्थान वाली मूंगफली नहीं रखते हैं। महंगी होने के बावजूद भी उनकी बिक्री मध्य प्रदेश से आने वाली मूंगफली की ही है।
सुल्तानगंज की पुलिया और बल्केश्वर में राजस्थान की मूंगफली बेचने वाले दुकानदारों ने बताया कि राजस्थानी मूंगफली का शहर भर में एक ही रेट है। कहीं से भी ले लो यह आपको 140 रूपये किलो ही मिलेगी। इसके अलावा एक बड़े दाने की मूंगफली है जो 160 रूपये किलो और मध्य प्रदेश से आने वाली मूंगफली भी 160 रूपये किलो की कीमत से बेची जा रही है।
जानकारों की मानें तो मध्य प्रदेश एमपी और राजस्थान, दोनों ही भारत के प्रमुख मूंगफली उत्पादक राज्यों में से हैं। राजस्थान, गुजरात के बाद दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक है, और इसके मुख्य उत्पादक जिलों में बीकानेर, जोधपुर, जालौर, बाड़मेर और जैसलमेर हैं। दूसरी ओर मध्य प्रदेश के प्रमुख उत्पादक जिलों में झाबुआ, धार, खंडवा और खरगोन शामिल हैं। हालांकि बताया जाता है कि भारत में कुल मूंगफली का 40 प्रतिशत उत्पादन गुजरात में ही होता है इसलिए इसे मूंगफलियों का राज्य भी कहा जाता है।