आगरालीक्स…आगरा में कल शिरडी से आएगी साईं बाबा की चरण पादुका. 9 और 10 दिसंबर को दो दिवसीय दिव्य दर्शन का होगा शुभारंभ, भक्तों में उल्लास
साईं भक्तों के लिए एक अत्यंत शुभ और आनंददायक समाचार है। शिर्डी से श्री साईं बाबा की पावन चरण पादुकाएं कल आगरा पहुंचेंगी। श्री साईं चरण पादुका समिति 2025 के तत्वावधान में आयोजित इस दिव्य आयोजन के अंतर्गत आगरा में दो दिनों तक भक्तों को साईं चरणों के दुर्लभ दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त होगा। समिति के संयोजक अशोक रैना एवं अध्यक्ष नितिन कोहली ने बताया कि चरण पादुकाएं शिर्डी से यात्रा प्रारंभ कर कुरुक्षेत्र होते हुए कल मंगलवार को आगरा पहुंचेंगी। आगमन के पश्चात यमुना एक्सप्रेसवे के अंतिम टोल से भव्य स्वागत यात्रा निकाली जाएगी, जो वॉटर वर्क्स, बल्केश्वर चौराहा एवं साईं धाम मंदिर, कमला नगर से होती हुई प्रतापपुरा स्थित “द रमाना ग्रांड” पहुंचेगी, जहां विधिविधान से स्थापना कर दर्शन प्रारंभ कराए जाएंगे।
स्वागत अध्यक्ष राजेश गोयल एवं महामंत्री संजय सत्यदेव ने बताया कि कल दिनभर चरण पादुका दर्शन के साथ भंडारा का आयोजन होगा। रात्रि में भव्य साईं भजन संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायिका निधि कोहली सहित देश के अन्य ख्यातिप्राप्त भजन गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उपाध्यक्ष लटूरी सिंह एवं महिला विंग अध्यक्ष दीपा गुरनानी ने जानकारी दी कि अगले दिन बुधवार को प्रातः 7 बजे मंगला आरती होगी तथा सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक श्रद्धालुओं को दर्शन का लाभ मिलेगा।
सुरक्षा प्रभारी सचिन मित्तल ने बताया कि शिर्डी से प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी साथ आ रही है, जिनकी देखरेख में सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। समिति की ओर से सभी साईं भक्तों से आग्रह किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस दिव्य अवसर का लाभ प्राप्त करें।