आगरालीक्स आगरा में सर्दी में फ्लू, संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए गर्भवती को अपनी सेहत का ख्याल रखना जरूरी है। ऐसे में विटामिन सी, विटामिन डी और जिंक जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्वों पर ध्यान देने की जरूरत है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि गर्भवती अपनी डाइट में संतुलित आहार लें। गर्म सूप, मौसमी सब्जियां और संतरे जैसे फल खाने से आपके शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में मदद मिल सकती है। गर्भवती समय से प्रसव पूर्व जांच कराएं और खान पान के साथ–साथ आयरन, कैल्शियम की गोलियों का सेवन का विशेष ध्यान रखें। ( Agra New: Extra care needed during pregnancy#Agra)
शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना शर्मा ने बताया कि मां और बच्चे की सेहत के लिए प्रसव पूर्व जांच बहुत जरूरी है। गर्भावस्था के दौरान चार बार जांच अवश्य करना चाहिए। गर्भवस्था में गर्भाशय का आकार बढ़ने के कारण फेफड़ों की क्षमता कम हो जाती है जिससे गर्भवती को सांस लेने में परेशानी होती है। इसलिए संक्रमण से बचे रहें, और खान-पान पर विशेष ध्यान दे । दिन में आराम जरूर करें । कोई भी परेशानी होने पर अपने नजदीकी स्वास्थ्य इकाई पर जाकर चिकित्सीय परामर्श ले। मौसमी धूप की कमी को दूर करने के लिए आपको विशेष रूप से विटामिन डी लेना जरूरी हैं।