आगरालीक्स…आगरा के सेंट वीएस पब्लिक स्कूल में मनाया क्रिसमस और तुलसी पूजन. स्टूडेंट्स को बताया सद्भाव, नैतिक मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान का महत्व
सेंट वी. एस. पब्लिक स्कूल में क्रिसमस डे एवं तुलसी पूजन दिवस का संयुक्त रूप से अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आपसी भाईचारे, सद्भाव, नैतिक मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को विकसित करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें प्रभु यीशु मसीह के संदेश—प्रेम, शांति एवं सेवा—पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों द्वारा क्रिसमस से संबंधित गीत, नृत्य एवं लघु नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसने सभी को आनंदित किया। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य हरिओम सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्वों के महत्व पर प्रकाश डाला। जया चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष (वाइस चेयरमैन) दीपक धनगर एवं निदेशक अरुण धनगर की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। इसके पश्चात तुलसी पूजन दिवस के अवसर पर तुलसी माता का विधिवत पूजन किया गया। शिक्षकों ने तुलसी पौधे के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं औषधीय महत्व की जानकारी विद्यार्थियों को दी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे अधिक से अधिक पौधारोपण करेंगे एवं प्रकृति की रक्षा करेंगे। विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को इन पर्वों की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।