आगरालीक्स…आगरा में इस बार ताज महोत्सव के साथ ही लगेगी मण्डलीय फल-शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी. तारीखें घोषित. जानिए क्या होगा खास
आगरा में अगले साल फरवरी में होने जा रहे ताज महोत्सव के साथ ही मण्डलीय फल-शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी लगाई जाएगी. यह प्रदर्शनी ताज महोत्सव स्थल के पास ही लगाई जाएगी जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इस प्रदर्शनी को देखने के लिए पहुंचे. बुधववार को मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में लघु सभागार में मण्डलीय फल-शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी समिति की बैठक हुई. समिति द्वारा आगामी फरवरी माह में प्रस्तावित मण्डलीय फल-शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किए जाने हेतु कार्य योजना मण्डलायुक्त के समक्ष प्रस्तुत की गई.
तीन दिन लगेगी प्रदर्शनी
मण्डलायुक्त द्वारा 20, 21 और 22 फरवरी 2026 को मण्डलीय फल-शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी लगाई जाना सुनिश्चित किया गया। वहीं इस बार यह आयोजन ताज महोत्सव स्थल पर ही कराने पर विचार किया गया, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस प्रदर्शनी का लुत्फ उठा सकें. इस हेतु उद्यान अधीक्षक को सम्बन्धित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए. समिति सचिव द्वारा विगत वर्ष हुए आयोजन की रिपोर्ट प्रस्तुत की गयी. निर्देश दिए गए कि आयोजन की थीम भी जल्द निर्धारित की जाए. विगत वर्षों की तरह प्रदर्शनी में विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. थीम बेस्ड आकृतियों को विभिन्न प्रकार के पुष्पों को सजाया जाएगा. प्रदर्शनी में विभिन्न संस्थाओं/संगठनों के अलावा तीन सितारा होटल से लेकर पांच सितारा होटल भी प्रतिभाग करेंगे.
ये भी होगा खास
आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था, जन सुविधाएं, पार्किंग आदि पर भी चर्चा की गयी. लोगों के जलपान हेतु चाय/काॅफी से लेकर विभिन्न प्रकार के व्यजंनों और फास्ट फूड की स्टालें भी लगायीं जाएंगी. तीन दिवसीय आयोजन के दौरान तकनीकी सत्र एवं कार्यशाला भी होंगे जिसमें मण्डल में मौसम के अनुसार विभिन्न प्रकार के फल, फूल व सब्जी के उगाने की विधियों की जानकारी प्रदान करेंगे. प्रदर्शनी के अवसर पर एक उद्यान स्मारिका का भी प्रकाशन किया जाएगा. वहीं प्रदर्शनी में ज्यादा से ज्यादा बच्चों के प्रतिभाग कराये जाने हेतु फोटोग्राफी, पेंटिंग आदि विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा. बैठक में उपनिदेशक उद्यान विभाग मुकेश कुमार, उद्यान अधीक्षक रजनीश पाण्डेय, जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह, उप नगर आयुक्त सरिता सिंह, एडीए मुख्य अभियंता संजीव कुमार, समिति सदस्य के रूप में केसी जैन, राजेश कुमार और केएस गुजराल आदि मौजूद रहे।